असंगठित कामगारों के कल्याणार्थ सरकार ने लॉन्च की पेंशन योजना : चन्द्रदेव

प्रयागराज। देश में कामगारों की एक बड़ी आबादी असंगठित क्षेत्र में काम कर रही है। असंगठित श्रमिकों में प्रायः सामाजिक सुरक्षा का अभाव खटकता है। आवश्यकता है कि इन्हें शारीरिक और मानसिक सुरक्षा की अनुभूति हो सके। केंद्र सरकार इसके लिए विशेष प्रयत्न कर रही है। उक्त विचार श्रम मंत्रालय, भारत सरकार के कल्याण एवं उपकर आयुक्त चन्द्रदेव ने व्यक्त किया।

चन्द्रदेव शुक्रवार को दांदूपुर स्थित समदरिया स्कूल ऑफ़ स्पेशल एजुकेशन में आयोजित प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना विषयक परिचर्चा में बतौर मुख्य वक्ता बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि असंगठित कामगारों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार ने पेंशन योजना लॉन्च किया है जिसका लाभ 18 वर्ष से लेकर40 वर्ष के श्रमिकों को मिलेगा। यह योजना अंशदान पद्धति पर आधारित है जो मासिक किश्त के रूप में लाभार्थी के खाते से कटेगी और उतनी ही धनराशि सरकार द्वारा उस खाते में प्रेषित करके उसे दोगुना करेगी। इस प्रकार 60 वर्ष के बाद पंजीकृत श्रमिक लाभार्थी को 3000 रुपये मासिक पेंशन आजीवन मिलेगी। चन्द्रदेव ने कहा कि 18 वर्ष के श्रमिकों को मात्र 55 रुपये मासिक अंशदान जमा करना होगा। इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी भारत सरकार ने भारतीय जीवन बीमा निगम को दे रखी है।
अध्यक्षीय उदबोधन में पं रमाकांत त्रिपाठी ने कहा कि प्रभावी श्रम कानून न लागू होने के कारण असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की स्थिति दयनीय है। उनका रोजगार और वेतन दोनों सुनिश्चित नहीं है। ऐसे में भविष्य निधि की परिकल्पना करना कठिन है।
अतिथियों का स्वागत एवं परिचय संस्थान के निदेशक डॉ मणि शंकर द्विवेदी ने और कार्यक्रम का संचालन रणबहादुर सिंह ने किया। आभार ज्ञापन कोऑर्डिनेटर विनीत पांडे ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रभाकांत तिवारी, रुचिता केसरवानी, नीतू सिंह, सुमन, सरला गौर, उषा प्रजापति, जैनुल अब्बास, लियाकत हुसैन, बदर मुर्तजा और सेरात मेंहदी आदि लोग मौजूद रहे।
The post असंगठित कामगारों के कल्याणार्थ सरकार ने लॉन्च की पेंशन योजना : चन्द्रदेव appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button