अवनीश अवस्‍थी ने की बैठक, कहा- 2021 तक पूरा कराया जाए गोमती नदी के ऊपर बन रहा पुल

लखनऊ। यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी ने आज पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का हवाई दौरा व स्थलीय निरीक्षण कर पैकेजवार समीक्षा बैठक की। इस बैठक में अवनीश कुमार अवस्थी ने एक्सप्रेसवे का निर्माणकार्य करने वाली कम्पनियों को निर्देशित किया कि गोमती नदी के ऊपर बन रहे पुल का निर्माण कार्य जनवरी 2021 तक पूर्ण किया जाए।

इसके साथ ही उन्‍होंने कहा कि एक्सप्रेसवे के मार्ग में आने वाले ROB के निर्माण कार्य को भी तीव्र गति से पूर्ण कराया जाए। तटबंधों की मरम्मत के कार्य में भी शीघ्रता लाई जाए। वहीं इसके साथ ही पैकेज 02 व 03 से सम्बंधित जिले के प्रशासनिक अधिकरियों ने अवनीश अवस्थी से एक्सप्रेसवे की भूमि के मुआवजे को लेकर चर्चा की।

इसी क्रम में मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे भूमि से जुड़े विवादों का निस्तारण शीघ्रता से कराना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही अवनीश अवस्थी ने मिट्टी के खनन की अनुमति देने की प्रक्रिया में शीघ्रता से कार्य करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी सुल्तानपुर के सुझाव पर उन्‍होंने 150 प्रवासी महिलाओं को पैकेज 04 में एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य में रोजगार देने के लिए निर्माणकार्य करने वाली कम्पनियों को निर्देशित किया। इसी क्रम में उन्‍होंने पैकेज 07 व 08 के अधिकारियों से भी चर्चा की व एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य में गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए तेजी लाने के निर्देश दिए।

Back to top button