अमेलिया केर ने बल्ले से लिखा नया इतिहास

न्यूजीलैंड महिला टीम की बल्लेबाज अमेलिया केर ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में लगातार सबसे ज्यादा बार 30 प्लस रन बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। दक्षिण अफ्रीका महिला टीम के विरुद्ध 29 गेंदों में 31 रन की पारी खेलकर उन्होंने इस मुकाम को हासिल किया और मेजबान टीम को पांच मैचों की टी-20 सीरीज के चौथे मुकाबले में छह विकेट से जीत दिलाकर सीरीज में 3-1 से आगे कर दिया।
केर का यह रिकॉर्ड पुरुष और महिला, दोनों तरह के क्रिकेट में सबसे बड़ा है। इससे पहले उन्होंने चार ओवर में 1/32 का प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका टीम को 159/6 के स्कोर पर रोकने में मदद की थी। फिर अपनी सधी हुई पारी के दम पर न्यूजीलैंड को नौ गेंदें शेष रहते जीत हासिल करने में योगदान दिया।
सोफी डिवाइन का अर्धशतक
हालांकि इस जीत में न्यूजीलैंड की पूर्व कप्तान सोफी डिवाइन की 34 गेंदों पर खेली गई 64 रनों की तूफानी पारी सबसे अहम रही। 25 वर्षीय केर इस पारी से पिछले नौ पारी के रिकार्ड को पीछे छोड़ दिया है, जो श्रीलंका की चामरी अटापट्टू और रोमानिया की रेबेका ब्लेक के नाम संयुक्त रूप से दर्ज था।
उनके इस सफर की शुरुआत 2024 में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध 38 गेंदों पर 43 रन बनाकर हुई थी, जिसके बाद उन्होंने नाबाद 51, 40 , 66, 101, 82, 78 , 32, 30, 31 रन की पारी खेलीं। इस दौरान उन्होंने गेंद से भी कमाल दिखाया और 6.74 की इकॉनमी रेट से 12 विकेट लिए।





