अब घर पर मिनटों में बनेगी ‘ढाबा स्टाइल’ दाल, बस याद रखें ये 6 आसान ट्रिक्स

हाईवे पर सफर करते हुए ढाबे पर रुककर गरमा-गरम तंदूरी रोटी के साथ ‘ढाबे वाली दाल’ खाने का मजा ही कुछ और है। उस दाल की खुशबू और स्वाद ऐसा होता है कि पेट भर जाता है, लेकिन मन नहीं भरता। हम अक्सर घर पर वैसी दाल बनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह बात नहीं आ पाती और दाल एकदम सादी-सी लगती है।
जी हां, अगर आप भी उस असली ‘ढाबा स्टाइल’ स्वाद को मिस कर रहे हैं, तो अब आपको बिल्कुल परेशान होने की जरूरत नहीं है। आपके अपने किचन में, बस कुछ ही मिनटों में वह जादुई स्वाद आ सकता है। आपको बस इस आर्टिकल में बताई 6 आसान ट्रिक्स का ध्यान रखना है।
दालों का सही मिक्स है जरूरी
ढाबे वाली दाल कभी भी सिर्फ एक दाल से नहीं बनती। बढ़िया स्वाद और गाढ़ेपन के लिए अरहर दाल में थोड़ी-सी चने की दाल और धुली हुई मूंग दाल जरूर मिलाएं। चने की दाल से एक बढ़िया स्वाद मिलता है और मूंग दाल से दाल का पानी और दाना आपस में अच्छी तरह घुलमिल जाते हैं।
पकाने से पहले भिगोना न भूलें
मिनटों में दाल पकाने का सबसे बड़ा सीक्रेट है उसे पकाने से पहले कम से कम 30 से 40 मिनट तक पानी में भिगोकर रखना। इससे दाल न सिर्फ जल्दी गलती है, बल्कि उसका दाना-दाना अंदर तक नरम हो जाता है और पेट के लिए भी हल्की रहती है।
तेल नहीं, देसी घी का करें यूज
घर पर हम अक्सर रोजमर्रा के खाने में तेल का तड़का लगाते हैं, लेकिन ढाबे का असली स्वाद शुद्ध देसी घी से ही आता है। तड़के के लिए तेल की जगह घी का इस्तेमाल करें। जैसे ही घी में जीरा चटकेगा, दाल की खुशबू आपके पूरे घर में महक उठेगी।
ताजा कुटा हुआ लहसुन और अदरक
बाजार के पैकेट वाले पेस्ट से वो तीखा और असली स्वाद कभी नहीं आएगा। तड़के में हमेशा ताजा कुटा हुआ लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालें। ढाबे वाली दाल में लहसुन की मात्रा थोड़ी ज्यादा होती है, जिसे हल्का भूरा होने तक भूनने पर दाल का स्वाद दोगुना हो जाता है।
डबल तड़के का कमाल
यही है ढाबे वालों की सबसे बड़ी ट्रिक। जी हां, पहला तड़का तो आप दाल उबालने के बाद प्याज और टमाटर के साथ लगाते ही हैं, लेकिन परोसने से ठीक पहले दूसरा तड़का लगाना न भूलें। इसके लिए, एक छोटे पैन में एक चम्मच घी गर्म करें, उसमें थोड़ा-सा जीरा, सूखी लाल मिर्च, बारीक कटा लहसुन, चुटकी भर हींग और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर तुरंत दाल के ऊपर डाल दें।
स्मोकी फ्लेवर लाना जरूरी
ढाबे में दाल मिट्टी के चूल्हे या तंदूर पर बनती है। वही स्मोकी फ्लेवर घर पर लाने के लिए, दाल बनने के बाद एक कोयले का टुकड़ा गैस पर लाल कर लें। इसे एक छोटी स्टील की कटोरी में रखकर दाल के बर्तन के बीच में रखें। कोयले पर आधा चम्मच घी डालें और जैसे ही धुआं उठने लगे, बर्तन को 2-3 मिनट के लिए टाइट ढक्कन से ढक दें।
बस, इन 6 आसान ट्रिक्स को अपनी रोज की कुकिंग में शामिल करके देखिए। अगली बार जब आप दाल बनाएंगे, तो घर वाले भी उंगलियां चाटते रह जाएंगे।





