अफगान गोलीबारी में चार पाकिस्तानी भाइयों की मौत

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में रविवार को गोलियों की बौछार से चार भाइयों की मौत हो गई। घटना अफगानिस्तान से सटे बजौर जिले की है।
पुलिस ने कहा है कि अफगानिस्तान की ओर से हुई फायरिंग में इन युवकों की मौत हुई है। मारे गए युवक 18 वर्ष से 28 वर्ष की आयु के थे। इस गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल भी हुआ है जिसे नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पाकिस्तान ने कंधार के पास किए हवाई हमले
इस बीच पाकिस्तान ने शनिवार-रविवार रात अफगानिस्तान में कंधार के नजदीकी इलाकों पर हवाई हमले किए। पाकिस्तान ने दावा किया है कि इन हमलों में उसने आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। यहीं से जाकर आतंकी पाकिस्तान पर हमले करते थे। लेकिन तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्ला मुजाहिद ने पाकिस्तानी हमलों में किसी के मारे जाने से इनकार किया है।
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्ला तरार ने बताया है कि 26 फरवरी से जारी पाकिस्तान की सैन्य कार्रवाई में अभी तक पाकिस्तानी आतंकियों को संरक्षण देने और पाकिस्तान पर हमला करने वाले 684 अफगान तालिबान मारे गए हैं और 912 घायल हुए हैं।
दोनों देशों के टकराव के बीच अमेरिकी पत्रिका नेशनल इंटरेस्ट ने अपने ताजा अंक में प्रकाशित लेख में कहा है कि अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी हमलों से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों पर नकारात्मक असर पड़ा है और अभावग्रस्त लोगों के जीवन में मुश्किलें बढ़ी हैं।





