अखिलेश का दावा सर्वे होंगे फेल

akhilesh-yadav_landscape_1458139562एजेन्सी/मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में चुनावी सर्वे फेल हो जाएंगे। विधानसभा चुनाव में सपा दोबारा बहुमत हासिल कर सरकार बनाएगी। वैसे तो अभी चुनावी सर्वे पश्चिम बंगाल, असम का होना चाहिए था, जहां चुनाव हैं मगर यूपी में एक साल पहले ही सर्वे हो गया।

आधी-अधूरी जानकारी के साथ हुए सर्वे ने हमारी मदद ही की है। मुख्यमंत्री मंगलवार को सांसद धर्मेंद्र यादव, विधायक प्रदीप यादव, विधायक रघुराज सिंह शाक्य, सपा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य गोपाल यादव के साथ स्पोर्ट्स स्टेडियम में नवनिर्मित हाकी एस्ट्रोटर्फ मैदान का निरीक्षण करने पहुंचे थे।

इसी दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के एक साल पहले ही हुए सर्वे में किसी को एक नंबर पर, किसी को दो नंबर पर और सपा को तीन नंबर पर दिखाया गया है।सपा प्रदेश में नंबर वन है और आगे चुनाव में भी नंबर वन रहेगी। फिर भी सर्वे ने हमको सचेत किया है। जो कमियां रह गई हैं, उन्हें दूर करेंगे और विकास के मुद्दे लेकर जनता के बीच जाएंगे।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने जनता हित के जो कार्य किए हैं, उन्हें दिखाएंगे। भाजपा भी केंद्र की सत्ता में है। उसे भी जनता के बीच अपने काम दिखाने होंगे। बसपा को भी अपने काम जनता के बीच ले जाने है।

इतना सच है कि यदि विकास कार्यों को लेकर तुलना होगी तो हमारी सरकार नंबर वन रहेगी। विधानसभा चुनाव के टिकट वितरण के बारे में कहा कि यह राष्ट्रीय अध्यक्ष ही तय कर रहे हैं। इस बारे में कुछ नहीं कहेंगे।

चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारी पहले से ही चल रही थी, अब ओपन रूप से तैयारी शुरू हो गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के चार साल उपलब्धियों से भरे हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, सड़क , बिजली जैसे बुनियादी क्षेत्र में इतने विकास कार्य हुए हैं, जितने पहले कभी नहीं हुए। विकास ही हमारी पूंजी है। कार्यकर्ता विकास के मुद्दे पर ही जनता के बीच जा रहे हैं। पूरे प्रदेश में पार्टी को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button