दिल्ली की रहने वाली महिला को रोहतक के होटल में बुलाकर युवक ने किया दुष्कर्म, जानिए पूरा मामला

रोहतक में दिल्ली की रहने वाली महिला ने रोहतक के एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोप है कि युवक का फोन पर संपर्क हुआ था, जिसने नौकरी लगवाने का झांसा देकर उसे रोहतक के एक होटल में बुलाया और दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
नौकरी का झांसा देकर बुलाया था महिला को रोहतक
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि वह दिल्ली की रहने वाली है। कुछ माह पहले उसके मोबाइल पर अज्ञात युवक की काल आई। जिसका गलत नंबर मिल गया था। इसके बाद युवक ने बार-बार उसके पास काल की। इसी बीच दोनों के बीच बातचीत होने लगी। महिला ने उसे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति के बारे में बताया। जिस पर युवक ने आश्वासन दिया कि वह महिला की प्राइवेट नौकरी लगवा देगा। नौकरी दिलाने के बहाने आरोपित ने दिसंबर के दूसरे सप्ताह में महिला को रोहतक बुला लिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि युवक उसे एक होटल में ले गया। वहां पर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपित ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि डर की वजह से उसने इस बारे में किसी को कुछ नहीं बताया और अपने घर चली गई। इसके बाद भी आरोपित ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। आरोपित की हरकतों से तंग आकर पीड़िता ने अब महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
वीडियो वायरल कर आत्महत्या की धमकी देने वाली युवती गई घर
उधर, इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल कर आत्महत्या की धमकी देने वाली युवती भी शुक्रवार को वन-स्टाप सेंटर से अपने घर चली गई है। बता दें, कि हिसार जिले की एक युवती ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें बताया था कि एक युवक ने रोहतक के होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। केस में सच्चाई नहीं मिलने पर पुलिस ने उसे कैंसिल कर दिया था। पिछले सप्ताह युवती रोहतक आई थी, जिसके बाद इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल कर आत्महत्या की धमकी दी थी। जीआरपी ने उसकी तलाश कर वन-स्टाप सेंटर में भेज दिया था।
डीएसपी के अनुसार
महिला शादीशुदा है और उसके बच्चे भी है। महिला की तरफ से शिकायत आई है। जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हें। जल्दी ही आरोपित को पकड़ लिया जाएगा।
— सुशीला, डीएसपी रोहतक






