अब वंदे भारत ट्रेन से गोवा का सफर भी कर सकेंगे आप , यहां जानिए पूरी जानकारी..

अब वंदे भारत ट्रेन से गोवा का सफर भी कर सकेंगे। मुंबई-गोवा रूट पर वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल रन मंगलवार से शुरू हो गया। वर्तमान में मुंबई-गोवा मार्ग पर प्रतिदिन कुल 40 जोड़ी ट्रेनें चलती हैं। इस लिस्ट में तेजस एक्सप्रेस भी शामिल है, जो एक तरफ की यात्रा को पूरा करने में 8 घंटे 20 मिनट का समय लेती है। वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल रन अभी शुरू हुआ है। हालांकि अभी यह पता लगाना बाकी है कि वंदे भारत ट्रेन अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों की तुलना में दूरी तय करने में कितना कम समय लेगी।

180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने में सक्षम वंदे भारत रैक सुबह साढ़े पांच बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल (सीएसएमटी) से रवाना हुआ और 12 बजकर 50 मिनट पर गोवा के मडगांव स्टेशन पहुंचा। यही रैक करीब सवा एक बजे मडगांव से चला और उसके देर शाम तक सीएसएमटी पहुंचने की संभावना है।
कब शुरू होगी ट्रेन?
रिपोर्ट के मुताबिक, जून में मुंबई-गोवा मार्ग पर वंदे भारत ट्रेन की कॉमर्शियल सर्विसेज शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, अभी यह पता नहीं चला है कि ट्रायल रन कब तक जारी रहेगा। अभी तक, मुंबई में तीन वंदे भारत ट्रेनें हैं। एक शिर्डी के लिए, दूसरी सोलापुर के लिए, और तीसरी गांधीनगर के लिए। तीनों ट्रेनों में रोजाना 70 फीसदी से ज्यादा ऑक्यूपेंसी देखी जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि यह मुंबई-गोवा ट्रायल सीएसएमटी-शिरडी वंदे भारत एक्सप्रेस के रैक का इस्तेमाल करके किया गया। शिरडी वंदे भारत एक्सप्रेस मंगलवार को नहीं चलती है। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी लोकप्रिय मुंबई -गोवा मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की संभावनाएं तलाश रहे हैं क्योंकि इस मार्ग पर साल भर बहुत भीड़भाड़ रहती है।
क्या होगा रूट?
मुंबई-गोवा वंदे भारत ट्रेन का रूट अभी जारी नहीं किया गया है। वर्तमान में मुंबई-गोवा रूट पर जो ट्रेने चलती हैं उनमें से कुछ ट्रेनें छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (रेलवे स्टेशन कोड: CSTM) से प्रस्थान करती हैं जबकि अन्य दादर (रेलवे स्टेशन कोड: DDR) या लोकमान्यतिलक टर्मिनस (रेलवे स्टेशन कोड: LTT) से प्रस्थान करती हैं। सीएसटीएम से दादर की दूरी लगभग 16 किमी है।
गोवा का रेलवे स्टेशन मडगांव (रेलवे स्टेशन कोड: MAO) है, जो गोवा राज्य के मध्य भाग में स्थित है। गोवा की ओर जाने वाली सभी ट्रेनें मडगांव से होकर गुजरती हैं। गोवा मूल की कई ट्रेनें वास्को डी गामा (रेलवे स्टेशन कोड: VSO) से संचालित होती हैं, बाकी मडगाँव से। संक्षेप में वास्को और मडगाँव गोवा के दो मुख्य रेलवे स्टेशन हैं। अधिक संभावना है कि वंदे भारत ट्रेन मुंबई से मडगाँव तक चले।





