आप सांसद राघव चड्ढा ने शाहदरा प्रत्याशी के समर्थन में किया रोड शो, जनता से मांगे वोट

दिल्ली के शाहदरा विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद राघव चड्ढा ने रोड शो किया और और जनता को संबोधित किया। इस मौके पर आप के प्रत्याशी जितेंद्र सिंह शंटी ने अपना नामांकन दाखिल किया। रोड शो के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पार्टी के प्रति समर्थन दिखाया।
राघव चड्ढा ने रोड शो के दौरान जनता को संबोधित करते हुए कहा, ‘आज का दिन शाहदरा के लिए ऐतिहासिक है। हमारे प्रत्याशी जितेंद्र सिंह शंटी ने नामांकन दाखिल किया है और यहां उमड़ा जनसैलाब यह साबित करता है कि शाहदरा की जनता एक बार फिर अरविंद केजरीवाल जी के नेतृत्व में आप सरकार को चुनने के लिए तैयार है।’
रोड शो नहीं, बल्कि जनता की जीत का उत्सव
चुनावी जनसभा में बोलते हुए राघव चड्ढा ने कहा, ‘यह सिर्फ एक रोड शो नहीं है, यह जनता की जीत का उत्सव है। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली ने हर क्षेत्र में प्रगति की है। जितेंद्र सिंह शंटी शाहदरा के हर नागरिक की आवाज बनेंगे और यहाx के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।’ उन्होंने आगे कहा, आप सरकार ने जिस तरह जनता की समस्याओं को हल किया है, वह इसे दूसरी सरकारों से अलग बनाता है। आप का हर प्रत्याशी जनता की आवाज है। आम आदमी पार्टी का उद्देश्य दिल्ली के हर नागरिक को विकास, सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं देना है’।
चुनाव आप और भाजपा के बीच
राघव चड्ढा के मुताबिक, ‘चुनाव में मुकाबला आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा के बीच है। उन्होंने कहा, चुनाव आयोग को उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए जो खुलेआम पैसे और सोना आदि बांट रहे हैं। उन्होंने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों की जरूरतों पर जोर दिया।