निराश कर सकती है आपको यह खबर, टाटा स्काई पर नहीं दिखेंगे ये चैनल

टाटा स्काई के ग्राहकों के लिए बड़ी खबर। सोनी पिक्चर्स नेटवर्क (एसपीएन) और इंडिया टुडे का टाटा स्काई से व्यापारिक गठजोड़ पूरी तरह से समाप्त हो गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि दोनों ब्रॉडकास्टिंग कंपनियों के बीच वार्ता पूरी तरह से विफल हो गई है।
टाटा स्काई जल्द ही अपने प्लेटफॉर्म से सोनी पिक्चर्स और इंडिया टुडे ग्रुप के सभी चैनलों को हटा देगा। इसके बाद इस डीटीएच प्लेटफॉर्म पर लोगों को अधिकांश चैनल देखने को नहीं मिलेंगे।
यह चैनल भी हो जाएंगे बंद
अब बातचीत के पूरी तरह से विफल हो जाने के बाद अभी टाटा स्काई पर चल रहे यह 11 चैनल (सोनी, सोनी एचडी, सोनी सब, सोनी मैक्स, सोनी सिक्स, सोनी टेन 1, टेन 1 एचडी, टेन 2 एचडी, टेन 3, पिक्स एचडी और आज तक) का प्रसारण भी पूरी तरह से बंद हो जाएगा। इससे पहले टाटा स्काई ने 22 चैनलों का प्रसारण पूरी तरह से अपने प्लेटफॉर्म पर बंद कर दिया है।
टूट गई बातचीत
ईएसपीएन के वितरण अध्यक्ष राजेश कौल ने कहा की 31 जुलाई को अनुबंध खत्म हो जाने पर टाटा स्काई ने उनके नेटवर्क से थोड़ा और समय मांगा था ताकी इस मसले पर बातचीत कामयाब हो जाए। परंतु टाटा स्काई ने तो आगे बढ़ कर बिना किसी सलाह मशवरे के उसके 22 चैनलों को ही बंद कर दिया। अगर इसे उनके हमारे चैनलों को बंद करने के हिसाब से देखा जाए, तो सचमुच यह बातचीत टूट गई है।





