यमुनानगर: बेशकीमती रेड सैंड बोआ सांप की तस्करी में चार गिरफ्तार

यमुनानगर: जिले के खंड छछरौली में रेड सैंड बोआ सांप की तस्करी करने में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस सांप की बाजार में कीमत करोड़ों रुपये है। धरे गए आरोपियों की पहचान साढौरा के पीरबोली गांव निवासी राम सिंह, मुजफ्फरनगर निवासी लाखन, कुलदीप शर्मा और मोहित के तौर पर हुई है। आरोपियों के पास से इंजेक्शन और कुछ विदेशी करेंसी भी बरामद की गई है।

ऐसे किया गया आरोपियों को काबू
जानकारी के अनुसार, वन्य प्राणी विभाग को सूचना मिली थी कुछ लोग एक दुर्लभ जाति के सांप की तस्करी करते हैं जो छछरौली के त्रिकोणी चौक से होकर गुजरेंगे। इसके बाद हरकत में आई संयुक्त टीम ने चौक के आसपास क्षेत्र की नाकाबंदी शुरू कर दी। इस दौरान जैसे ही यूपी नंबर की एक कार आई तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर उसमें सवार चारों कार सवार घबरा गए। तलाशी के दौरान पुलिस को उनके कब्जे से दुर्लभ प्रजाति का सांप बरामद हुआ।

इसके बाद चारों आरोपियों को सांप के साथ छछरौली थाने लाया गया, जहां से पूछताछ के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया वन्य प्राणी विभाग के निरीक्षक जयवेंद्र ने गुप्त सूचना के पुलिस की मदद से तस्करों को काबू किया गया है। उनके पास से रेड सैंड बोआ प्रजाति का सांप बरामद किया गया है, जो दुर्लभ प्रजाति का है।

Back to top button