महिला ने किया ‘बेहतरीन’ काम, तो बॉस ने नौकरी से निकाला

जब भी आप नौकरी कर रहे होते हैं, तो आपसे उम्मीद यही की जाती है कि आप ज्यादा से ज्यादा काम कम से कम वक्त में खत्म कर लें. जो लोग ऐसा करते हैं, उन्हें कंपनी में अहमियत दी जाती है लेकिन जो लोग ऐसा नहीं करते हैं, उनकी नौकरी पर खतरा हमेशा बना रहता है. ऐसे में अगर हम आपसे कहें कि किसी की नौकरी खतरे में इसलिए आ गई क्योंकि बहुत अच्छा काम किया था, तो शायद आप चौंक जाएंगे.

टिकटॉक पर महिला ने एक वीडियो शेयर करके बताया है कि उसके साथ अजीब घटना हुई. उसे अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ गया क्योंकि वो बहुत जल्दी और अच्छा काम करती थी. उसने दावा किया है कि उसे नौकरी से इसलिए निकाला गया क्योंकि उसने अपना काम बहुत जल्दी खत्म कर दिया था. इस घटना के बारे में सुनने के बाद लोगों ने उसे जो सलाह दी है, वो और भी दिलचस्प है.

ज़रूरत से ज्यादा काम किया, चली गई नौकरी
लैडबाइबल की रिपोर्ट के मुताबिक महिला ने बताया है कि ‘मुझे कल नौकरी से निकाल दिया गया. इसकी वजह मेरा कुशल होना है. कल मेरे बॉस हमारी सुबह की मीटिंग में मुझसे कह रहे थे कि वो हमारे आने वाले इवेंट्स को लेकर बात करने के लिए सेल्स डायरेक्टर के साथ मीटिंग शेड्यूल करने वाले हैं’ मीटिंग में उसी प्रोजेक्ट की बात होनी थीं, जिसे महिला को सौंपा गया था. उसे ये प्रोजेक्ट अप्रैल तक पूरा करना था, लेकिन महिला ने उसे तुरंत ही खत्म करके संबंधित डेटा सॉफ्टवेयर में लोड कर दिया. महिला का दावा है कि उसका ऐसा करना उसके बॉस को पसंद नहीं आया और उसे नौकरी से निकाल दिया गया.

लोग बोले- ‘बहन इतना काम नहीं करना होता’
महिला ने आगे कहा है कि शायद उसके बॉस को वो खतरा नज़र आने लगी थी क्योंकि वो अक्सर ऑफिस नहीं आता था और उसका काम भी महिला की करती थी. इस पोस्ट को देखने के बाद सोशल मीडिया यूज़र्स ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं. एक यूज़र ने कहा- ज्यादा बात करने की वजह से उसे निकाला गया. वहीं एक अन्य यूज़र ने कहा – अगली नौकरी में मेहनत तो करना लेकिन दिखाना कि सब कुछ मैनेजर ही कर रहा है. नौकरी सेफ रहेगी.

Back to top button