इस दिवाली घर लेकर आएं मां लक्ष्मी की ऐसी प्रतिमा, परिवार में रहेगी खुशहाली

सनातन धर्म में दिवाली का पर्व बेहद महत्वपूर्ण माना गया है जिसकी तैयारी जोरों-शोरों से शुरू हो चुकी हैं। अगर आप दिवाली के दिन मां लक्ष्मी की प्रतिमा खरीदते हैं तो कुछ बातों का ध्यान जरूर रखें क्योंकि इसका असर आपकी कमाई पर पड़ सकता है। तो आइए जानते हैं दिवाली पर कैसी प्रतिमा घर लानी चाहिए –

दिवाली हिंदुओं का सबसे महत्वपूर्ण त्योहार हैं, जो अब बेहद ही नजदीक है। ऐसे में हर किसी ने इस पर्व की तैयारी शुरू कर दी है। रोशनी का पर्व कहा जाने वाला यह त्योहार कार्तिक मास की अमावस्या को मनाया जाता है, जो इस साल 12 नवंबर को पड़ेगा। इस पर्व को अंधकार पर प्रकाश की विजय के रूप में भी मनाया जाता है। वैसे तो दिवाली पूजा हर किसी के घर में होती है। लेकिन लोग पूजा के दौरान छोटी- छीटी चीजों को अनदेखा कर देते हैं।

जैसे कि मां लक्ष्मी की प्रतिमा खरीदते समय लोग काफी ज्यादा गलतियां करते हैं, तो आइए जानते हैं दिवाली के दौरान धन की देवी की कैसी प्रतिमा घर लानी चाहिए?

कमल के फूल पर विराजमान हों मां लक्ष्मी

अगर आप मां लक्ष्मी की प्रतिमा खरीद रहे हैं, तो सुनिश्चित करें कि माता लक्ष्मी कमल के फूल पर बैठी हों। इसका अर्थ यह है कि कीचड़ में रहकर भी कमल बेहद खूबसूरती से खिलता है, उसी प्रकार हर किसी को जीवन की नकारात्मकता से बचना चाहिए।

प्रतिमा में देवी लक्ष्मी खड़ी स्थिति में न हों

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, देवी लक्ष्मी की मूर्ति हमेशा बैठी हुई मुद्रा में होनी चाहिए। ऐसी मान्यता है कि मां स्वभाव से बेहद चंचल हैं। ऐसे में अगर उनकी खड़ी प्रतिमा आप अपने घर लाते हैं, तो वे जितनी तेजी से आपके पास आती हैं उतनी ही तेजी से चली भी जाती हैं।

देवी लक्ष्मी के हाथों से सोने के सिक्के बरस रहे हों

देवी लक्ष्मी की मूर्ति खरीदते समय इस बात का ध्यान जरूर रखें कि उनके हाथों से सिक्के बरस रहे हों। ऐसी प्रतिमा बेहद शुभ मानी गई है।

देवी लक्ष्मी की प्रतिमा में ऐरावत हाथी का होना

अगर आप मां लक्ष्मी की ऐसी प्रतिमा घर में लाते हैं, जिसमें ऐरावत हाथी दोनों तरफ से धन की वर्षा कर रहे हों, तो यह एक बेहद शुभ तस्वीर है। ऐसी प्रतिमा स्थापित करने से घर में कभी भी धन की कमी नहीं होती है।

Back to top button