मौसम साफ होने के साथ ही हेमकुंड यात्रा रफ्तार पकड़ने लगी..

बीती रात हेमकुंड पैदल यात्रा मार्ग पर अटलाकोटी में हिमखंड गिरने से रास्ता बाधित हो गया था। जिसे तड़के सोमवार को खोल दिया गया।

 हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर बर्फ के बीच यात्रा को लेकर श्रद्धालु उत्साहित हैं। बीती रात हेमकुंड पैदल यात्रा मार्ग पर अटलाकोटी में हिमखंड गिरने से रास्ता बाधित हो गया था। जिसे तड़के सोमवार को खोल दिया गया। यहां मौसम साफ बना हुआ है।

हेमकुंड यात्रा ने पकड़ी रफ्तार

मौसम साफ होने के साथ ही हेमकुंड यात्रा रफ्तार पकड़ने लगी है। रविवार को 1530 श्रद्धालुओं ने हेमकुंड व लोकपाल तीर्थ में माथा टेककर पूजा अर्चना की। हेमकुंड साहिब के लिए तड़के से ही घांघरिया से यात्रियों रवाना कर दिया गया था। इस दौरान अटलाकोटी से आगे एसडीआरएफ की मौजूदगी में यात्रियों ने आवाजाही की।

यात्री भी बर्फ के बीच यात्रा के सुखद अनुभव से खासे उत्साहित दिख रहे हैं। गुरूद्वारा श्री हेमकुंड मेनेजमेंट ट्रस्ट के मुख्य प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि बर्फबारी के दौरान रोके गए सभी यात्री हेमकुंड दर्शन कर लौट आए हैं। यात्रा सुचारू चल रही है।

घांघरिया में श्रद्धालु की मौत

वहीं हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर घांघरिया में श्रद्धालु की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। ताकि मौत के कारणों का पता चल सके।

बताया गया कि बीती शाम हेमकुंड साहिब यात्रा पर पहुंचे अमनप्रीत सिंह गिल उर्फ हैरी पुत्र कुलविंदर सिंह निवासी मोहाली पंजाब उम्र 25 वर्ष अपने साथियों के साथ घांघरिया में होटल में ठहरे थे। रात को तबीयत बिगड़ने के बाद चिकित्सालय ले जाने से पहले उसकी मौत हो गई।

Back to top button