धरती का आखिरी दिन कब होगा, क्या तब तक मौजूद रहेंगे इंसान?

इस दुनिया का परम सत्य ये है कि जिस चीज का जन्म हुआ है, वो कभी न कभी नष्ट होगी. इंसान, जानवर, पेड़-पौधे, प्रकृति की अन्य वस्तुओं के साथ ऐसा ही होगा. ये बात हमारी धरती के लिए भी सच है. जिस प्रकार धरती का निर्माण हुआ उसी प्रकार इसका अंत होगा. पर क्या आपने कभी सोचा है कि वो दिन कब आएगा? धरती का आखिरी दिन कब होगा और क्या उस दिन को देखने के लिए इंसान जीवित रहेंगे?

न्यूज18 हिन्दी की सीरीज अजबगजब नॉलेज के तहत हम आपको बताते हैं दुनिया (When will earth end) से जुड़ी ऐसी अनोखी और अजीबोगरीब चीजों के बारे में, जो सभी को हैरान करती हैं. आज हम बात करेंगे धरती के आखिरी दिन के बारे में. दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म कोरा पर हाल ही में किसी ने सवाल किया- “हमारी पृथ्वी का आखिरी दिन कब हो सकता है?” कई लोगों ने इस सवाल पर अपने अनुसार जवाब दिए हैं. न्यूज18 हिन्दी इन जवाबों के सही होने का दावा नहीं करता है.

लोगों ने कोरा पर दिए जवाब
अमोलक गोयल नाम के शख्स ने कहा- “वर्तमान समय संगम युग चल रहा है. यह समय कलयुग के अंत और सतयुग के आदि का समय है. अंत नजदीक है और नई सुबह, नई दुनिया, सतयुग भी नजदीक ही है.” गंगा प्रसाद गुदरासिया ने कहा- “जब महा विस्फोट या परमाणु बम का प्रयोग विश्व युद्ध में होगा, तब दुनिया का अंत होगा.” सुनित चक्रवर्ती नाम के व्यक्ति ने कहा- “श्रीमदभागवत के अनुसार ऐसा माना जाता है कि दो कल्पों के बाद सृष्टि का अंत होता है. हर कल्प में एक अर्ध प्रलय होती है. दो कल्पों का अर्थ है कि दो हजार चर्तुयुग. इसी प्रकार दूसरा कल्प पूरा होने पर प्रलय आता है यानि सृष्टि का विनाश हो जाता है.

कब खत्म होगी धरती?
ये तो आम लोगों के जवाब हो गए, चलिए अब आपको आधिकारिक सोर्सेज के जरिए बताते हैं कि धरती का अंत कब होगा. एस्ट्रोनॉमी वेबसाइट और बीबीसी साइंस फोकस के अनुसार धरती का अंत कई तरह से हो सकता है. कोई बड़ा उल्का पिंड धरती से टकरा जाए, धरती पर मौजूद ऑक्सीजन खत्म हो जाए या फिर सूर्य ब्लैक होल में तब्दील हो जाए और धरती उसमें समा जाए. पर माना जाता है कि ये सब कुछ अगले कई करोड़ साल तक नहीं होगा. ऐसे में इंसानों का अस्तित्व फिलहाल तो नहीं खत्म होने वाला है.

Back to top button