साल 2024 में कब है दिवाली? नोट करें शुभ मुहूर्त एवं पूजा का सही समय

हर वर्ष कार्तिक माह की अमावस्या तिथि को दिवाली मनाई जाती है। इस दिन धन की देवी मां लक्ष्मी और शुभ-लाभ के दाता भगवान गणेश की विशेष पूजा की जाती है। साथ ही लक्ष्मी पूजन तक व्रत-उपवास रखा जाता है। इस दिन धन के देवता कुबेर देव की भी उपासना की जाती है। धार्मिक मत है कि धन की देवी मां लक्ष्मी की पूजा करने से साधक के जीवन में व्याप्त धन संबंधी परेशानी हमेशा के लिए दूर हो जाती है। साथ ही आय और सौभाग्य में वृद्धि होती है। अत: दिवाली तिथि पर श्रद्धा भाव से मां लक्ष्मी की पूजा-आराधना की जाती है। आइए, दिवाली 2024 की तिथि, शुभ मुहूर्त, पूजा का समय एवं विधि जानते हैं-
शुभ मुहूर्त
कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि 31 अक्टूबर को दोपहर 03 बजकर 52 मिनट से शुरू होगी, जो अगले दिन यानी 1 नवंबर को संध्याकाल 06 बजकर 16 मिनट पर समाप्त होगी। सनातन धर्म में उदया तिथि मान है। अतः 01 नवंबर को दिवाली मनाई जाएगी।
पूजा का शुभ समय
ज्योतिषियों की मानें तो कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि यानी दिवाली पर लक्ष्मी पूजन का सही समय संध्याकाल 05 बजकर 36 मिनट से लेकर संध्याकाल 06 बजकर 16 मिनट तक है। इस समय में धन की देवी मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा कर सकते हैं।
शुभ योग
साल 2024 में दिवाली तिथि पर सर्वप्रथम प्रीति योग का निर्माण हो रहा है। इस योग का निर्माण सुबह 10 बजकर 41 मिनट तक है। इसके पश्चात, आयुष्मान योग का निर्माण होगा। आयुष्मान योग 02 नवंबर को सुबह 11 बजकर 19 मिनट तक है। इन योग में धन की देवी मां लक्ष्मी की पूजा करने से सुख-समृद्धि और धन में वृद्धि होती है। इस दिन भगवान शिव भी जगत जननी मां पार्वती के साथ प्रदोष काल तक रहेंगे।





