आईए जानें कैसा होगा आज देश में मौसम का हाल…

भारत में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत देश के अधिकांश हिस्सों में अब लोगों को बारिश से राहत मिलेगी और गर्मी का नया दौर शुरू होगा।  वहीं, उत्तर पश्चिम भारत में बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। मछुआरों के लिए समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

यूपी में अब पड़ेगी गर्मी

मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी में अब बारिश का दौर थमेगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी। 10 मई तक अधिकतम तापमान के 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना है। इससे पहले, विभाग ने चार मई तक बादल छाए रहने और बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया हुआ था।

उत्तराखंड में लोगों को बारिश से मिली राहत

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड में तीन दिन बाद लोगों को बारिश और बर्फबारी से राहत मिली है। विभाग ने आज भी धूप खिलने की संभावना व्यक्त की है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में अभी भी बादल छाए हुए हैं।

सात और आठ मई को अंडमान निकोबार में हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, सात और आठ मई को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अधिकांश स्थानों पर हल्की/मध्यम वर्षा और अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। सात मई को दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर के आस-पास के इलाकों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। आठ मई की रात से हवा की गति धीरे-धीरे बढ़कर 70 किमी प्रति घंटा होगा जाएगी। जबकि 10 मई को इसकी रफ्तार 80 किमी प्रति घंटे हो जाएगी।

मछुआरों के लिए जारी की गई सलाह

दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में सात मई को समुद्र की स्थिति खराब और आठ मई के बाद से बहुत खराब रहने की संभावना है। आठ से 11 मई के दौरान अंडमान सागर के ऊपर तूफान से समुद्र की स्थिति खराब रहने की संभावना है। मछुआरों, छोटे जहाजों और नावों को सलाह दी गई है कि वे सात मई से दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और आस-पास के क्षेत्रों में और नौ मई से मध्य बंगाल की खाड़ी में प्रवेश न करें।

जो लोग बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में हैं, उन्हें सात मई से पहले सुरक्षित स्थानों पर लौटने की सलाह दी गई है और जो लोग बंगाल की खाड़ी के मध्य में हैं उन्हें नौ मई से पहले वापस लौटने की सलाह दी गई है।

देश के बाकी हिस्सों में मौसम:

उत्तर पश्चिमी भारत:

छह और सात मई को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट से व्यापक वर्षा/बर्फबारी के साथ क्षेत्र में आज से बारिश का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है और 06 और 07 मई को उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में गरज/बिजली/तेज हवाओं के साथ छिटपुट वर्षा होने की संभावना है। छह मई को पंजाब और हरियाणा में ओलावृष्टि की भी संभावना है।

दक्षिण भारत

अगले 4 दिनों के दौरान इस क्षेत्र में गरज/बिजली/तेज हवाओं के साथ छिटपुट/काफी व्यापक वर्षा होने की संभावना है। सात और आठ मई को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी वर्षा होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत

इस क्षेत्र में गरज/बिजली/तेज हवाओं के साथ हल्की/मध्यम व्यापक से व्यापक वर्षा होने की संभावना है। आज अरुणाचल प्रदेश के छिटपुट स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में कोई महत्वपूर्ण मौसम की संभावना नहीं है।

अधिकतम तापमान, इसका पूर्वानुमान और हीट वेव चेतावनियां

तटीय ओडिशा और तटीय पश्चिम बंगाल को छोड़कर देश भर में अधिकतम तापमान बढ़ने और  इसके सामान्य होने की संभावना है। अगले चार दिनों के दौरान भारत के किसी भी हिस्से में लू की स्थिति की संभावना नहीं है।

Back to top button