कैसा रहेगा यूपी-बिहार का मौसम, उत्तरांखड के पांच जिलों में अलर्ट

 गुजरात के बाद आंध्र प्रदेश में बारिश ने भारी तबाही मचाई है। यहां के मुगलराजपुरम इलाके में भूस्खलन में आठ लोगों की जान चली गई है। गुजरात के कई शहर जलमग्न हैं। मौसम विभाग ने चक्रवात असना की वजह से तटीय कर्नाटक में रेड अलर्ट जारी किया है।

गुजरात में बारिश का अनुमान है। आईएमडी ने तेलंगाना के सात जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। आंध्र प्रदेश में अगले दो से तीन दिन भारी बारिश का अनुमान है।

उत्तराखंड के पांच जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तराखंड के पांच जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर और चंपावत में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। अन्य जिलों में आंशिक बादल छाने और हल्की बारिश के आसार हैं।

कैसा रहेगा उत्तर प्रदेश का मौसम?

उत्तर प्रदेश में लोग उमस से परेशान हैं। प्रदेश के दर्जन भर जिलों में बदली की संभावना है। बरेली में मौसम साफ रहेगा। गोरखपुर के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। कानपुर में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। देवरिया और बस्ती में बदली छाई रहेगी। बलरामपुर में भी बूंदाबांदी के आसार हैं। मेरठ में धूप खिलेगी।

इन स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान

एक सितंबर यानी आज महाराष्ट्र के विदर्भ और तेलंगाना में भारी बारिश की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश, रायसीमा, कर्नाटक और मराठवाड़ा में भी भारी बारिश हो सकती है। केरल और तटीय व मध्य महाराष्ट्र में भी भारी बारिश का अनुमान है। पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पूर्वी राजस्थान और गुजरात के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बारिश का अनुमान है।

बिहार के 17 जिलों में अलर्ट

बिहार की राजधानी पटना और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाने और बूंदाबांदी का अनुमान है। आगामी 48 घंटे में अधिकतम तापमान में भी कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इस बीच 17 जिलों में बादल गरजने और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

सितंबर में सामान्य से अधिक बारिश

मौसम विभाग ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि सितंबर महीने में देश में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। अगले तीन हफ्ते में समुद्र के ऊपर चार निम्न दबाव की प्रणालियों के बनने से देश के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना है।

गुजरात में 26 की गई जान

गुजरात में बारिश से अब तक 26 लोगों की जान जा चुकी है। करीब 1200 लोगों को बचाया गया है। इसके अलावा करीब 18000 से अधिक लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से निकाला गया है।

Back to top button