क्या पक्षियों की तरह उड़ सकता है इंसान, पंख जैसे होते हैं हाथ!

जब बच्चे पहली बार पक्षियों को देखते हैं तो वो इस बात से काफी प्रभावित होते हैं कि पक्षी उड़ते हैं. ऐसे में उनका एक प्रश्न अपने माता-पिता से होता है कि हम पक्षियों की तरह क्यों नहीं उड़ पाते? अगर आपने भी अपने बचपन में इस बात को कभी अपने माता-पिता से पूछा है और अभी तक इस सवाल का जवाब नहीं जान पाए हैं तो आपको ये लेख पूरा पढ़ना चाहिए. इंसानों के पास भी पक्षियों (Can humans fly like birds) के पंख की तरह दो हाथ होते हैं. तो फिर वो पक्षियों की तरह उड़ क्यों नहीं पाते?

न्यूज18 हिन्दी की सीरीज अजब-गजब ज्ञान के तहत हम आपके लिए लेकर आते हैं देश और दुनिया से जुड़ी ऐसी अनोखी जानकारियां जो किसी को भी हैरान कर देती हैं. आज हम बात कर रहे हैं इंसान और पक्षियों (Why humans cannot fly like birds) के उड़ान के बारे में. दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म कोरा पर किसी ने ये सवाल किया है कि क्या आज के वक्त में बढ़ती तकनीक को देखते हुए, इंसान पक्षियों की तरह उड़ सकते हैं? एक महिला ने इसे लेकर जवाब दिया है.

कोरा पर लोगों ने दिया जवाब
महिला ने कहा कि इंसानों के हाथों की मांसपेशियां उतनी मजबूत नहीं हैं जितनी पक्षियों की होती हैं. पक्षियों के पास कील बोन होती है जो इन शक्तिशाली मसल्स को जोड़ती है. ये तो आम लोगों के जवाब हो गए, चलिए अब देखते हैं कि विश्वस्नीय सोर्सेज का इस बारे में क्या कहना है. साइंस वर्ल्ड वेबसाइट और अमेरिका के एमआईटी स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग की वेबसाइट के अनुसार इंसान पक्षियों की तरह नहीं उड़ सकते.

इस वजह से पक्षियों की तरह नहीं उड़ सकते इंसान
इंसान इस तरह से डिजाइन ही नहीं हुए हैं कि वो अपने हाथों को पंख की तरह फड़फड़ाकर उड़ सकें. हमारे हाथ इतना लिफ्ट ही नहीं पैदा कर पाते जो ग्रैविटी के फोर्स को काटकर हमें ऊपर उठा सकें. असल में सिर्फ पंख होने से पक्षी नहीं उड़ते, पंख एक बड़ा कारक है, पर सच तो ये है कि उनका हल्का शरीर, खोखली हड्डियां, उन्हें उड़ने में मदद करती हैं. पक्षियों के शरीर में एयर सैक होते हैं जो उनके शरीर को हल्का बनाते हैं, इस तरह वो हवा में आसानी से उड़ जाते हैं. उड़ते वक्त उनके शरीर का जो आकार होता है, वो हवा के रेजिस्टेंस को कम करने का काम करता है. उनकी मसल्स काफी शक्तिशाली होती हैं. पक्षियों के फेफड़ भी अलग तरह से डिजाइन होते हैं. जब वो एक बार सांस लेती हैं, तो काफी ज्यादा मात्रा में प्राणवायु यानी ऑक्सीजन ग्रहण कर लेती हैं. इस तरह उनकी मांसपेशियां लंबे वक्त तक काम करती रहती हैं. पक्षियों के पंख में हवा फंस जाती है, जिस वजह से उन्हें लिफ्ट मिलने में भी आसानी होती है.

Back to top button