जानिए, गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्‍ली में क्या और कितनी है सुरक्षा, चिंतित हुई दिल्‍ली पुलिस

नई दिल्ली।  गणतंत्र दिवस के मद्देनजर दिल्‍ली में सुरक्षाबल पूरी तरह से सतर्क हो गए हैं। दिल्‍ली के अहम इमारतों, वीआइपी स्‍थानों, एयरपोर्ट और रेलवे स्‍टेशन पर निगरानी को बढ़ा दिया गया है। लेकिन बाजारों में सीसीटीवी की कमी और अवैध पार्किंग खाकी के लिए चिंता का सबब बन गए हैं।जानिए, गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्‍ली में क्या और कितनी है सुरक्षा, चिंतित हुई दिल्‍ली पुलिस

इस बीच सुरक्षाबलों ने गश्त बढ़ा दी है। इसके साथ ही सड़क पर अतिक्रमण किए रेहड़ी पटरी वालों को भी हटाने का काम कर रहे हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से चांदनी चौक व लालकिला काफी संवेदनशील है। इसलिए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए यहां अलग से अद्र्ध सैनिक बल की तैनाती की गई है।

1- अवैध पार्किंग पर काबू पाना बना चिंता का सबब

गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल झांकियां और टैंक लालकिला तक आते हैं। ऐसे में अवैध पार्किंग पर लगाम की आवश्यकता है। द बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन कूचा महाजनी के अध्यक्ष योगेश सिंघल ने चिंता जताते हुए कहा कि हाल ही में एक अभियान में बीएसइएस ने चांदनी चौक में लगे 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को हटा दिया है, इससे सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

2- बाजारों में सीसीटीवी कैमरों की कमी

बाजारों में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा के बाद यह बात निकल कर आई कि बाजारों मेें पर्याप्त सीसीटीवी कैमरों का अभाव है। इतना ही जहां यह कैमरे लगे हैं तो यह खराब पड़े हैं। सीसीटीवी कैमरों के ठीक ढंग से काम न करने और कई बाजरों में कैमरों की कमी सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। कई बाजारों में अभी तक सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं।

दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेल आयोजन के दौरान पहाडग़ंज को चमकाने के चक्कर में यहां लगे सीसीटीवी कैमरों को हटा दिया गया था, जो आज तक नहीं लगे हैं। यह स्थिति तब है जब यहां वर्ष 2005 में बम ब्लास्ट हो चुका है। 26/11 मुंबई आतंकी हमले का साजिशकर्ता डेविड हेडली दिल्ली में था, उसकी भी जानकारी दिल्ली पुलिस को उन्हीं सीसीटीवी कैमरे से मिली थी। राष्ट्रमंडल खेल के आयोजन से पहले पहाडग़ंज के मुख्य मार्ग को चौड़ा किया गया, लेकिन इस प्रक्रिया में उस समय हटाए गए सीसीटीवी कैमरे अब तक नहीं लगाए गए हैं। 

3- अतिक्रमण से भी चिंतित हुए सुरक्षा बल

दिल्‍ली के बाजारों में बढ़ता अतिक्रमण भी सुरक्षा व्‍यवस्‍था के लिए एक गंभीर चिंता खड़ी कर रही है। यह समस्‍या सुरक्षा के लिहाज से बड़ी है। सुरक्षा बलों की नजर इन अतिक्रिमण वाले इलाके पर भी रहेगी।

व्‍यापारी संगठनों के साथ दिल्‍ली पुलिस की बैठक

गणतंत्र दिवस के मद्देनजर पुरानी दिल्ली के बाजारों में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा तेज हो गई है। इस क्रम में पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने स्थित नेशनल स्पोटर्स क्लब में उत्तरी जिला के डीसीपी जतिन नरवाल ने व्यापारियों संग बैठक ली, जिसमें चांदनी चौक समेत पुरानी दिल्ली के अन्य बाजारों में सुरक्षा इंतजामों पर चर्चा की गई। बैठक में अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ 50 से अधिक कारोबारी संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल रहे।

बैठक में कारोबारियों ने खारी बावली स्थित कैमिकल मार्केट के पूर्व प्रधान सुशील कुमार गोयल ने कहा कि अवैध वाहन पार्किंग सुरक्षा की दृष्टि से बड़ा खतरा है। वहीं, चांदनी चौक के कारोबारी नेता सुरेश बिंदल ने कहा कि चांदनी चौक में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था न होने से लोग वाहन सड़क पर ही खड़ी कर दे रहे हैं, जो किसी भी वारदात का कारण बन जाते हैं।

Back to top button