मरने के बाद क्या होता है? मौत को छूकर लौटे लोगों ने सुनाई अपनी कहानी!

अमीर हो या गरीब, बड़ा हो या छोटा, बच्चा हो या बूढ़ा, हर इंसान के मन में एक सवाल जरूर आता है, आखिर मौत के बाद क्या होता है? मौत एक ऐसा सच है, जिसके बारे में अगर इंसान ने जान लिया, तो वो शायद चैन से सो नहीं पाएगा, पर जब पता चलेगा कि मरने के बाद क्या होता है तो शायद चैन से मरा जा सकता है! ऐसा हम इसलिए बोल रहे हैं क्योंकि एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हाल ही में उन लोगों ने अपने अनुभवों के बारे में चर्चा की, जो मौत को छूकर लौटे (True Near Death Experience) थे. इन लोगों की कहानी को जब आप सुनेंगे, तो आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे.
रेडिट पर ये सवाल पूछा गया जिसपर कई लोगों ने जवाब दिया है. (फोटो: Reddit/r/AskReddit)
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर एक ग्रुप है, r/AskReddit जिसपर अक्सर लोग अपने सवालों के जवाब तलाशने की कोशिश करते हैं. लोग अपने सवाल पूछते हैं और अन्य यूजर्स उसके जवाब देते हैं. कुछ दिनों पहले @AlaskaStiletto नाम के यूजर ने सवाल किया- “अगर आप में से कोई ऐसा हो जिसकी मौत हो गई थी मगर वो फिर से जीवित हो गया, तो अपना अनुभव साझा करें.” आपको बता दें कि ऐसे अनुभव को Near Death Experience कहते हैं. इसका अर्थ होता है कि किसी की मौत हो जाना, मगर फिर से जीवित हो जाना. मेडिकल क्षेत्र में ऐसा संभव है और ये पहलु डॉक्टरों को भी हैरान करता है.
“महसूस होती है शांति”
कई लोगों ने इस सवाल पर कमेंट करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है. एक यूजर ने कहा- “मेरे पिता को हार्ट अटैक आया था. उनका दिल अचानक रुक गया. मशीन पर लाइन सीधी हो गई थी. पर अचानक वो होश में आ गए और उन्होंने बताया कि कुछ पल के लिए उन्हें इतनी शांति महसूस हुई, जितनी जीवन में कभी नहीं हुई थी. एक व्यक्ति ने कहा कि वो डूब गया था, और अचानक उसे कुछ पल के लिए लगा जैसे सब कुछ स्थिर है, वो बेहद शांति मेहसूस कर रहा था.
“आसपास खड़े थे मरे हुए लोग!”
एक शख्स ने तो दिल दहला देने वाली बात बताई. उसने कहा कि कुछ वक्त पहले उसने अपने परिवार के दो लोगों को खो दिया जो रिश्ते में उसके दादा लगते थे. दोनों की मौत हो गई, वो दोबारा तो जीवित नहीं हुए थे, मगर उन्होंने अंत समय में ये कहा था कि उनकी मां उन्हें लेने आई हैं. एक ने बताया कि साल 2010 में वो किसी सर्जिकल कॉम्प्लिकेशन से गुजर रहा था जब अचानक उसका खून ज्यादा बह गया और उसका बल्ड प्रेशर बेहद कम हो गया. वो होश में नहीं था. उसे ऐसा लगा कि उसके चारों ओर परिवार के वो लोग खड़े हैं, जिनकी मौत हो चुकी है और वो उसे बुला रहे हैं. एक ने कहा कि उसने खुद ऐसा अनुभव कुछ सालों पहले किया था जब उसने नियर डेथ एक्सपीरियंस को अनुभव किया था. 20-30 सेकंड के लिए उसके साथ ऐसा हुआ था, तब उसे महसूस हुआ कि वो किसी महासागर में शांति से तैर रहा है, सिर्फ वहां अंधेरा था.





