कैसा दिखता है किंग कोबरा का जहर? शख्स ने चुपके से पीछे पकड़ा

दुनियाभर में एक से बढ़कर एक खतरनाक और विषैले सांप मौजूद हैं. गलती से भी ये किसी इंसान को काट लें तो उनका बच पाना मुश्किल होता है. इलाज में थोड़ी सी भी देरी हुई तो उन्हें जिंदा नहीं बचाया जा सकता है. ऐसे में सांपों को देखकर डर से ज्यादातर लोगों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं. ऐसे में या तो वे लोग वहां से भाग जाते हैं या फिर इन सांपों को मारकर खुद को बचाने की कोशिश करते हैं. लेकिन कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जो सांपों को पकड़कर उन्हें जंगल में छोड़ आते हैं. ऐसे में अगर आपसे ये पूछा जाए कि क्या आप बता सकते हैं कि किंग कोबरा का जहर कैसा दिखता है? तो ज्यादातर लोगों को इसके बारे में जानकारी नहीं होगी. लेकिन एक शख्स ने किंग कोबरा को चुपके से पीछे से पकड़ लिया और बोतल में उसका जहर निकालकर दिखाया कि वो वो कैसा है.
यूट्यूब पर इस वीडियो को ब्रियान बार्कजिक (Brian Barczyk) ने शेयर किया है, जो अमेरिका के रहने वाले हैं और अक्सर सांपों के साथ नजर आते हैं. ब्रियान ने अपने घर को सांपों का अड्डा बना रखा है. वे इन सांपों के साथ बड़े मजे से रहते हैं. इनके लिए खाने का भी इंतजाम करते हैं. वायरल हो रहे इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि फर्श पर किंग कोबरा मौजूद है, जिसकी नजर ब्रियान के सहयोगी पर है. पीछे तरफ से अचानक ब्रियान किंग कोबरा को दबोचने के लिए तेजी से हाथ बढ़ाते हैं. उन्होंने अपने हाथों में ग्लव्स लगा रखा है, क्योंकि किंग कोबरा बेहद फुर्तीला होता है. उसके हमले से बचने के लिए ब्रियान ने ग्लव्स लगाया है. वे अचानक तेजी से कोबरा को पीछे पकड़ लेते हैं.
ब्रियान कोबरा को पकड़ने के बाद अपने हाथ में एक बॉटल लेते हैं. उसके पास वो कोबरा के मुंह को दबाते हैं. ऐसे में गुस्से में कोबरा अपना जहर बॉटल में निकालने लगता है. जहर को देखने के बाद पता चलता है कि ये बिल्कुल शहद की तरह हल्का पीला है. जहर को निकालने के बाद ब्रियान कोबरा को उसके बाड़े में पहुंचा देते हैं. बता दें कि किंग कोबरा यदि किसी को काट ले तो लगभग 200 से 500 मिलीग्राम तक जहर अपने शिकार के शरीर में छोड़ता है. इतना ही नहीं, किंग कोबरा अन्य सांपों के मुकाबले ज्यादा जहर भी बनाता है. इसके जहर का 10वां हिस्सा भी 20 लोगों को मार सकता है. बता दें कि दुनियाभर में 3000 से ज्यादा सांप की प्रजातियां हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ 600 ही जहरीले होते हैं.
आपको जानकर हैरानी होगी, लेकिन बता दें कि ब्रियान को यूट्यूब पर 56 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं, लेकिन उनके इस शॉर्ट वीडियो को सबसे ज्यादा देखा गया है. किंग कोबरा के जहर वाले इस वीडियो को 46 करोड़ बार देखा गया है. वहीं, 86 लाख लोगों ने इसे लाइक किया है. इसके अलावा 20 हजार से ज्यादा कमेंट्स आए हैं. एक यूजर ने कमेंट किया है कि वाह. शांति से आराम करो ब्रियान. तुम्हें देखना बहुत मजेदार था. मुझे खुशी है कि तुम्हारा कंटेंट अभी भी दिखाई देता है. दूसरे ने लिखा है कि यहां इंसान नहीं, बल्कि किंग कोबरा डरा हुआ और आतंकित दिख रहा है. तीसरे यूजर ने कमेंट किया है कि इस आदमी के पास आस्ट्रेलियाई नागरिकता होनी चाहिए.





