आखिर टोपियों के ऊपर बटन क्यों होता है, इसे बोलते क्या हैं? 90 फीसदी लोगों को नहीं पता होगा जवाब!

सर्दी हो या गर्मी, आपको लोग टोपी पहने दिख जाएंगे. टोपी सिर्फ धूप से बचाने के काम नहीं आती है, बल्कि अब एक प्रकार की स्टाइल स्टेटमेंट बन चुकी है. हालांकि, इससे जुड़ी एक रोचक बात है, जिसके बारे में आपको नहीं मालूम होगा. आपने देखा होगा कि टोपियों के ऊपर बटन बने होते हैं. क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर इन बटन के होने का क्या कारण है और इसे बोलते क्या हैं? हमारा दावा है कि बहुत लोग टोपी (Why Baseball caps have top buttons) पहनते होंगे, पर 90 फीसदी लोगों को इसका असली नाम नहीं पता होगा.

स्टिकसेन और मीडियम वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक जिन टोपियों के ऊपर बटन होते हैं, उन्हें बेसबॉल कैप बोला जाता है क्योंकि ऐसी टोपियां खिलाड़ी बेसबॉल के खेल के दौरान पहनते हैं. पर आपने गौर किया होगा कि क्रिकेट में भी ऐसी टोपी खिलाड़ी पहनते हैं. हालांकि, उन टोपियों के ऊपर ऐसा बटन नहीं बना होता. अगर आपके मन में ये सवाल आया होगा कि इन टोपियों पर बटन क्यों होता है, तो आज हम आपको इसका जवाब बता देते हैं.

टोपी के ऊपर बटन क्यों होता है?
आप ये तो जानते ही होंगे कि जब कपड़े या उससे बनी किसी चीज को बनाते हैं, तो कपड़ों को अलग-अलग साइज में काटकर चीजों में इस्तेमाल किया जाता है. टोपी में भी ऐसा ही होता है. अलग-अलग कपड़ों को ऊपर जोड़ा जाता है और सारे कपड़ों का छोर बीच में ही आता है. उस जगह पर जब सिलाई होती है तो वो हिस्सा देखने में खराब मालूम होता है. इन कपड़ों के टुकड़ों को छिपाने के लिए ऊपर एक बटन लगा देते हैं, जो अक्सर सिला रहता है पर कभी-कभी चिपका भी रहता है.

टोपी पर लगे बटन को क्या कहते हैं?
टोपी के उस बटन को ‘स्क्वैची’ (squatchee) या ‘स्क्वैचो’ भी कहते हैं. नाम पढ़कर आपको लग रहा होगा कि ये इतना अजीब क्यों है! ये नाम देने का श्रेय बेसबॉल खेल के कमेंटेटर बॉब ब्रेन्ली को जाता है, जो पहले एक खिलाड़ी भी थे. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि पहली बार ये नाम उन्होंने 1980 में सैन फ्रांसिस्को जायंट्स के अपने एक टीममेट से सुना था जिसका नाम माइक क्रूको था. माइक ने ये शब्द 1984 में पिट्सबर्ग बुकस्टोर में सिंगलेट्स नाम की एक किताब में पढ़ा था जिसमें वो शब्द दिए गए थे जो डिक्शनरी में मौजूद होने चाहिए, पर नहीं होते हैं. उस किताब में स्क्वैचो शब्द, टोपी पर लगे बटन के लिए बताया गया था.

Back to top button