अजीबोगरीब: देखा है 3 आंख और 2 मुंह वाली गाय? 

हिन्दू धर्म में गाय को माता का दर्जा दिया गया है. लोग पूजा-पाठ से लेकर हर शुभ कार्य में गाय के गोबर और घी-दूध का इस्तेमाल करते हैं. गो-दान को बहुत पुण्य का काम माना जाता है. लेकिन क्या आपने किसी ऐसी अद्भुत गाय को देखा है, जिसकी 3 आंखें और 2 सिर हों? देखना तो दूर, शायद ऐसी किसी गाय के बारे में सुना भी नहीं होगा. लेकिन सोशल मीडिया पर ऐसी ही एक गाय का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. ये वीडियो कहां का है, इसकी जानकारी उपलब्ध नहीं है.

इस अद्भुत गाय को लोग भगवान के साथ पूजा कर रहे हैं. उसे प्रसाद चढ़ा रहे हैं. सामने देवी-देवताओं की मूर्तियां भी हैं. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कितनी श्रद्धा के साथ लोग इसे प्रसाद खिला रहे हैं. आपको जानकर हैरानी होगी, लेकिन वीडियो में आप यह भी देख सकते हैं कि कैसे गाय के दो सिर आपस में जुड़े हुए हैं. लेकिन दोनों मुंह बिल्कुल अलग-अलग दिख रहे हैं. इस गाय के 2 जीभ और 3 आंखें भी साफ नजर आ रही हैं. हालांकि, तीसरी आंख बंद प्रतीत हो रही है.

सोशल मीडिया पर इस गाय के वीडियो को लोग काफी पसंद कर रहे हैं. इसे इंस्टाग्राम पर @yogi_moj नाम के यूजर ने अपलोड किया है. अब तक इस वीडियो को लाखों लोग देख चुके हैं, जिसमें 87 हजार से ज्यादा लोगों ने लाइक किया है, वहीं सात सौ के आस-पास लोगों ने कमेंट किया है. कमेंट में लोग अलग-अलग बातें कह रहे हैं. कोई कह रहा है कि ये प्रकृति का अद्भुत उपहार है, कोई जय गउ माता लिख रहा है. हालांकि, कुछ लोग इसके प्रति चिंता भी जाहिर कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा है कि इस गाय के लिए कितना मुश्किल है. कैसे ये जिंदा रहेगी.

बता दें कि आए दिन इस तरह के जानवरों के पैदा होने की कई खबरें आती रहती हैं. एक बार मध्य प्रदेश के रायसेन में एक गाय ने शेर की तरह दिखने वाले बछड़े को जन्म दिया था, तो दूसरी तरफ बिहार के बेगूसराय में दो सिर, चार आंख और दो कान वाले जन्मे गाय के बछड़े ने सुर्खियां बटोरी थीं. हालांकि, इस तरह के बछड़े ज्यादा दिनों तक जिंदा नहीं रह पाते. लेकिन ये गाय बिल्कुल स्वस्थ दिख रही है. शायद इसीलिए लोग इसे चमत्कार मान रहे हैं और इसकी पूजा कर रहे हैं. इतना ही नहीं, दान पेटी में दान भी दे रहे हैं.

Back to top button