दिल्ली-एनसीआर में बारिश से मौसम सुहाना

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को हुई मानसूनी बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है। लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई है। आज का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश जारी रहने का अनुमान है। पूर्वोत्तर में बाढ़ से लोगों का जन-जीवन अस्त व्यस्त हो चुका है। असम और अरुणाचल में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। असम में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

यूपी में मानसून का जोर
उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश जारी रहेगी। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मथुरा, अलीगढ़, एटा, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, और मेरठ में बारिश की संभावना है। पूर्वी यूपी के गाजीपुर, महाराजगंज, बलिया, गोरखपुर, चंदौली, वाराणसी, और प्रयागराज में भी बारिश की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में 5 जुलाई, 2024 को अलग-अलग स्थानों पर भारी (64.5-115.5 मिलीमीटर) से लेकर बहुत भारी वर्षा (115.5-204.4 मिलीमीटर) होने की संभावना है।

अन्य राज्यों में भी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, मणिपुर, मेघालय, नागालैंड, त्रिपुरा, बंगाल, बिहार, और उत्तराखंड में शनिवार और रविवार को भारी बारिश का अनुमान है। अगले चार-पांच दिनों में राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, और पंजाब में भी बारिश की संभावना है।

महाराष्ट्र में भी बारिश की संभावना
महाराष्ट्र में भी मानसून सक्रिय है। मुंबई, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, और सिंधुदुर्ग जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, नागपुर, अमरावती, और गढ़चिरौली में भी मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।

Back to top button