Virat Kohli ‘RCB के 5वें विदेशी खिलाड़ी’? इंटरव्‍यू में पूछा गया विवादित सवाल!

टीम इंडिया के स्‍टार बल्‍लेबाज और आरसीबी के पूर्व कप्‍तान विराट कोहली ज्‍यादातर समय लंदन में रहते हैं। ऐसे में आईपीएल 2026 के बीच उनसे सवाल पूछा गया कि क्‍या आरसीबी 5 विदेशी प्‍लेयर के साथ मैदान में उतर रही है? दानिश सैत के इस सवाल पर विराट कोहली की हंसी छूट गई। दानिश ने कोहली की बताया कि सोशल मीडिया पर क्‍या चल रहा है।

क्या मैं विदेशी खिलाड़ी हूं?

मिस्टर नैग्स के नाम से मशहूर दानिश ने कहा, ‘सोशल मीडिया पर लोग आपके बारे में बहुत कुछ कह रहे हैं। उनका कहना है कि आरसीबी 5 विदेशी प्‍लेयर के साथ खेल रही है।’ इस पर कोहली ने हंसते हुए कहा, “मुझे समझ नहीं आ रहा है कि वे असल में क्या पूछ रहे हैं। मुझे नहीं पता आप मुझसे क्यों पूछ रहे हैं? विदेशी खिलाड़ियों से पूछिए। मैं विदेशी खिलाड़ी नहीं हूं। फिर कोहली ने पूछा, क्या मैं विदेशी खिलाड़ी हूं?

पहले ही मैच में गरजा बल्‍ला

विराट कोहली ने IPL 2026 की शुरुआत में एक बार फिर अपने बल्ले से कमाल दिखाया है। 19वें सीजन के पहले ही मैच में आरसीबी का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से हुआ। इस मैच में कोहली ने मैच विनिंग पारी खेली। उन्‍होंने 38 गेंदों पर नाबाद 69 रन बनाए। अपनी इस पारी में विराट ने 5 चौकों के साथ-साथ 5 छक्‍के भी लगाए। किंग कोहली की इस पारी की बदौलत आरसीबी ने हैदराबाद को 6 विकेट से शिकस्‍त दी। आरसीबी अपने दूसरे मुकाबले में रविवार, 5 अप्रैल को चेन्‍नई सुपर किंग्‍स से टकराएगी।

9000 का आंकड़ा छू सकते विराट

विराट कोहली आईपीएल में सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले बल्‍लेबाज हैं। पहले सीजन से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेल रहे विराट ने अब तक खेले 268 मैच की 260 पारियों में 8730 रन बनाए हैं। इस दौरान दाएं हाथ के बल्‍लेबाज की औसत 39.86 की और स्‍ट्राइक रेट 133.14 की रही है। लीग में विराट के नाम 64 अर्धशतक के साथ ही 8 शतक दर्ज हैं। वह 9000 रन का आंकड़ा छूने से सिर्फ 270 रन दूर हैं।

आईपीएल में सबसे ज्‍यादा रन

विराट कोहली: 8730 रन
रोहित शर्मा: 7124 रन
शिखर धवन: 6769 रन
डेविड वॉर्नर: 6565 रन
सुरेश रैना: 5528 रन

Back to top button