विराट और अनुष्का ने बचाई बच्चे की जान, इलाज के लिए दिए 16 करोड़ रुपये

भारतीय कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा कोरोना की दूसरी लहर में देश के लोगों की खुलकर मदद कर रहे हैं. दोनों ने कोविड 19 रिलीफ के लिए फंड भी जुटाया. जिससे जरूरतमंद लोगों की मदद की जा रही है. अब खबर आ रही है कि इस कपल ने एक छोटे से बच्चे अयांश गुप्ता की जान बचाई है, जो स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी नाम की दुर्लभ बीमारी से जूझ रहा था. इस बच्चे को दुनिया की सबसे महंगी दवाई जोल्गेनस्मा की जरूरत थी, जिसकी कीमत करीब 16 करोड़ रुपये थी.
बच्चे के इलाज के लिए फंड जुटाने के लिए अयांश के माता पिता ने नाम से एक ट्विटर अकाउंट बनाया था. बीते दिन इस पेज पर जानकारी दी गई कि अयांश को दवाई मिल गई है और इसके लिए विराट और अनुष्का का शुक्रिया अदा किया गया है.
इस अकाउंट से ट्वीट किया गया कि हमने कभी नहीं सोचा था कि इस मुश्किल सफर का इतना खूबसूरत अंत होगा. हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अयांश के इलाज के लिए 16 करोड़ रुपये की जरूरत थी और हम वहां तक पहुंच गए हैं. हमारा साथ देने वाले हर एक व्यक्ति का शुक्रिया. यह आपकी जीत है.
इसके बाद कहा गया कि कोहली और अनुष्का हमने हमेशा बतौर फैंस आपसे प्यार किया, मगर आपने अयांश और इस अभियान के लिए जो किया, वो उम्मीदों से परे था. आपने छक्के के साथ जिंदगी का मैच जीतने में हमारी मदद की.





