उत्तराखंड कांवली रोड शिवाजी मार्ग क्षेत्र के घरों में पानी में आ रहे हैं कीड़े
देहरादून: कांवली रोड शिवाजी मार्ग क्षेत्र के कुछ घरों में पानी में कीड़े आने से लोग परेशान हैं। यह समस्या पिछले एक हफ्ते से बनी हुई है। चार दिन पहले शिवाजी नगर के पार्षद विपिन चंचल की शिकायत पर जल संस्थान ने मामले का संज्ञान भी लिया। मगर, स्थिति जस की तस है। जिसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, अपर सहायक अभियंता राघवेंद्र डोभाल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद से ही लाइन में खराबी ढुंढने का काम चल रहा है। जल्द लाइन को दुरुस्त कर दिया जाएगा।
ईसी रोड में लो प्रेशर की समस्या
ईसी रोड और सुभाष रोड क्षेत्र में लो प्रेशर के कारण 20 दिनों से पेयजल आपूर्ति प्रभावित है। जिसके चलते के क्षेत्र के करीब 25 परिवार परेशानी का सामना कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने बताया कि जल संस्थान से इसकी शिकायत की तो उन्होंने गर्मियों में पानी कम होने की बात कही।





