यूपी: इटावा में लगातार हो रही बारिश ने मचाई तबाही, दीवार गिरने से 10 की मौत

उत्तर प्रदेश में बारिश ने तबाही मचा रखी है। इटावा जिले में बुधवार रात से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के चलते जनपद में चार जगह दीवार गिरने से 10 लोगों की मौत हुई है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। बारिश की वजह से हुए हादसों पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है।

पहला हादसा सिविल लाइन इलाके के चंद्रपुरा गांव में हुआ है। यहां कच्ची दीवार गिरने से टीनशेड के नीचे दादी के साथ सो रहे चार बच्चों की मौत हो गई। चारों सगे भाई-बहन सिंकू (10), अभि (8), सोनू (7), आरती (5) है। मृतक चारों बच्चे के माता पिता की मौत दो साल पहले हो गई थी, बच्चे अपनी दादी के साथ रह रहे थे। दूसरा हादसा थाना इकदिल के कृपालापुर गांव का है। यहां भी कच्ची दीवार गिरने से बुजुर्ग दंपती की मौत हो गई।

महेवा में भी दीवार गिरने से एक की जान गई
तीसरा हादसा महेवा ब्लॉक इलाके की ग्राम पंचायत अंदावा के मजरा बंगलन में हुआ। यहां कच्ची दीवार गिरने से 50 वर्षीय जबर सिंह की मौत हो गई। दीवार गिरने से हुई मौतों पर सीएम योगी ने दुख जताया है। मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की है। डीएम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर तत्काल पहुंचने निर्देश दिए हैं। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की राहत राशि देने के भी दिए निर्देश हैं।

बारिश से कच्चा मकान गिरा, मलबे में दबकर तीन की मौत
इटावा जिले में एक और मकान गिरने से मलबे के नीचे दबकर तीन बच्चों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने मलबे के नीचे दबे लोगों को निकाला। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन बच्चों को मृत घोषित किया। घायलों का उपचार जारी है। मरने वालों में आलिया (7), आरिफ (8) और सुहाना (13 महीने) शामिल है।

Back to top button