
उत्तर प्रदेश में बीते दिनों से हो रही वर्षा का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी लखनऊ के बाद अब गौतमबुद्धनगर में दीवार गिरने से चार लोगों की मौत हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गौतमबुद्धनगर में चार लोगों की मौत पर गहरा दुख जताने के साथ अधिकारियों को राहत तथा बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया है
उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र में दूसरे दिन की कार्यवाही में जाने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतमबुद्धनगर की घटना पर दुख जताने से साथ वहां के जिलाधिकारी तथा नोएडा के पुलिस कमिश्नर से वार्ता भी की।
मुख्यमंत्री ने गौतमबुद्धनगर में दीवार गिरने से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके उपचार की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं