उन्नाव-लालगंज हाईवे चौड़ीकरण को भूमि अधिग्रहण जल्द, सर्वे हुआ पूरा
कानपुर। उन्नाव से लालगंज (रायबरेली) तक राष्ट्रीय राजमार्ग को फोर लेन बनाने के लिए भूमि का सर्वे पूरा हो गया है। अब किसानों की भूमि व भवनों के अधिग्रहण, ग्राम समाज की भूमि के पुनर्ग्रहण की अधिसूचना जल्द जारी हो जाएगी। इसकी प्रक्रिया तेज कर दी गई है। यह मार्ग चौड़ा हो जाने के बाद रायबरेली, बांदा जाना और भी आसान हो जाएगा। अभी टू लेन मार्ग पर यातायात का दबाव ज्यादा है और जाम लगता है।
- राष्ट्रीय राजमार्ग की लंबाई 68.15 किमी
- 165 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण-पुनर्ग्रहण होगा
उन्नाव से जाने वाला यह हाईवे लालगंज में रायबरेली-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग 232 से जुड़ता है। राइट्स लिमिटेड कंपनी ने इसका डीपीआर तैयार किया है जो भूतल एवं परिवहन मंत्रालय को भेजा जा चुका है। राइट्स ने ही भूमि और उसके मालिकों का सर्वे किया है। शासन स्तर से अधिसूचना जारी होने के बाद मुआवजा निर्धारण किया जाएगा और किसानों से करार कर भूमि की रजिस्ट्री कराई जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक पुरुषोत्तम लाल ने बताया कि यह प्रोजेक्ट यातायात को सुचारू बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। जल्द ही अधिसूचना जारी होगी।





