तालाब में उतरकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज ने ली मखाना खेती की जानकारी, किसानों ने जताई यह उम्मीद

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को दरभंगा स्थित मखाना अनुसंधान केंद्र का दौरा किया। जहां बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री हरि सहनी और सांसद गोपाल जी ठाकुर ने उनका भव्य स्वागत किया। अनुसंधान केंद्र में निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्वयं तालाब में उतरकर मखाना किसानों से खेती की बारीकियों की जानकारी ली।

तालाब में उतरकर मखाना खेती को करीब से समझा
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान जब खुद तालाब में उतरे और मखाने की खेती की प्रक्रिया को समझने लगे, तो किसान बेहद खुश नजर आए। उन्होंने किसानों से मखाना उत्पादन, सालाना पैदावार और खेती में आने वाली चुनौतियों के बारे में विस्तार से चर्चा की। मंत्री ने यह भी पूछा कि प्रति वर्ष तालाब के हिसाब से औसत उत्पादन कितना होता है और किन-किन सरकारी योजनाओं का किसानों को लाभ मिल रहा है।

मखाना उद्योग को बढ़ावा देने की चर्चा
केंद्रीय कृषि मंत्री के साथ बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, अतिपिछड़ा कल्याण मंत्री हरि सहनी और विधायक जीवेश मिश्रा भी मौजूद रहे। उन्होंने मखाना किसानों को प्रोत्साहित करते हुए सरकार द्वारा दी जा रही सहायता और योजनाओं की जानकारी साझा की। इस दौरान मखाना उद्योग को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने और किसानों को बेहतर तकनीक व सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।

किसानों को सरकार से सहयोग की उम्मीद
मंत्री के खुद तालाब में उतरकर खेती को समझने के इस प्रयास से किसान बेहद उत्साहित दिखे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार से उन्हें और अधिक सहयोग मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और मखाना उद्योग को नया आयाम मिलेगा। वहीं, केंद्रीय कृषि मंत्री ने किसानों को आश्वस्त किया कि मखाना उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सरकार हर संभव सहायता देगी, जिससे यह उद्योग और अधिक सशक्त बन सके।

Back to top button