गृहमंत्री शाह तीन को मुरादाबाद में करेंगे 13 जिलों की कोर कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 13 लोकसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों के साथ मुरादाबाद में बैठक करेंगे। वे संगठन के पदाधिकारियों को जीत का मंत्र सिखाएंगे। प्रत्याशियों और पदाधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करेंगे।

भाजपा के जिलाध्यक्ष आकाश पाल ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रामपुर रोड स्थित एक होटल में बैठक करेंगे। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 13 जिलों के लोकसभा क्षेत्र की कोर कमेटी के सदस्य शामिल होंगे। होटल में 250 लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।

अभी तक पार्टी के पदाधिकारी ने कितनी तैयारियां की है, कितनी तैयारी बाकी है, इसकी समीक्षा के साथ अमित शाह पार्टी पदाधिकारियों को जीत का मंत्र देंगे। पार्टी के पदाधिकारियों को बैठक में पूरी तैयारी के साथ आने के लिए कहा गया है।

2019 के चुनाव में भाजपा मुरादाबाद मंडल की सभी छह सीटें हार गई थी। सहारनपुर मंडल में भी अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी। ऐसे में केंद्रीय मंत्री की यह बैठक अहम मानी जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मंडल की सीटों को जीतने के लिए लगातार दौरे कर रहे हैं।

Back to top button