UK में मौसम के करवट बदलने से पहाड़ से लेकर मैदान तक बासंती बयार का अहसास, सात शहरों में सामान्य से नीचे पहुंचा पारा

 उत्तराखंड में मौसम के करवट बदलने से पहाड़ से लेकर मैदान तक बासंती बयार का अहसास हो रहा है। आने वाले दो दिनों में भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इससे चढ़ते पारे पर अंकुश लगेगा और गर्मी से राहत मिलेगी। 

दून समेत प्रदेश के सात प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान में सामान्य से एक से पांच डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। 2011 के बाद यह पहला मौका है जब मई के दूसरे सप्ताह में देहरादून का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। हांलाकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 22.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पिछले 24 घंटे में दून के अधिकतम तापमान में 5.2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। सोमवार को दून का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। मंगलवार को प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र पंतनगर का अधिकतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री नीचे 35.0 रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा। 

चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी व पिथौरागढ़ जैसे सीमांत जिलों के ऊपरी क्षेत्रों में बारिश के चलते हल्की ठंड महसूस की गई। प्रदेश के पर्यटक स्थल मसूरी और नैनीताल का अधिकतम तामान 24 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने से यहां सैर-सपाटे को आए सैलानी सुहावने मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं। प्रदेश में सबसे अधिक गर्म श्रीनगर गढ़वाल रहा। यहां का अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाये रह सकते हैं। देहरादून व मसूरी समेत प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है।

Back to top button