पर्यटकों से पैक हुए देहरादून के पर्यटन स्थल, सहस्रधारा जलस्रोत में नहाकर मिली राहत…

भीषण गर्मी में राहत पाने के लिए अधिकांश पर्यटक जलस्रोत वाले पर्यटक स्थलों में पहुंचे। पर्यटकों ने ठंडे पानी में नहाकर गर्मी से राहत पाई। पर्यटक स्थलों में दिनभर पर्यटकों की आवाजाही लगी रही। इस दौरान वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे।

शुक्रवार को सहस्रधारा में सुबह से पर्यटकों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। इस कारण मार्ग पर दिनभर जाम जैसी स्थिति रही। करीब 10,000 से अधिक पर्यटक सहस्रधारा पहुंचे और ठंडे पानी में नहाकर गर्मी से निजात पाने का प्रयास किया। पर्यटकों ने खूब सेल्फियां ली और खाने का लुत्फ उठाया।

गुच्चुपानी में 5,500 से अधिक पर्यटक
वहीं, गुच्चुपानी में 5,500 से अधिक पर्यटक पहुंचे। यहां भी पर्यटकों ने प्राकृति जलस्त्रोत का आनंद लिया। यहां पर्यटकों को वाहन पार्क करने में परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि, स्थानीय लोगों के घरों के बाहर बनी पार्किंग का पर्यटकों ने प्रयोग किया।

इसके अलावा लच्छीवाला में 2,300 पर्यटक पहुंचे। यहां भी सुबह से पर्यटकों के वाहनों की लाइन लग गई थी। यहां लोग परिवार के साथ नदी में नहाए और घर से लाया खाना खाकर पिकनिक मनाई। बच्चों ने यहां झूलों का लुत्फ उठाया और इस अनमोल पल को अपने कैमरे में कैद किया।

Back to top button