आज प्रदर्शनकारी पहलवानों को समर्थन देने के लिए जंतर-मंतर की ओर मार्च करने वाले हैं इन राज्यों के खाप पंचायत नेता

उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा के खाप पंचायत नेता रविवार को यानी आज प्रदर्शनकारी पहलवानों को समर्थन देने के लिए जंतर-मंतर की ओर मार्च करने वाले हैं। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने धरना स्थल और राज्यों की सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी है। आज सुबह-सुबह किसानों का पहला जत्था टिकरी बॉर्डर पर पहुंचा। पुलिस ने रोका तो इन्होंने जमकर नारेबाजी की।

आपको बता दें कि बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक और विनेश फोगट सहित भारत के कई बड़े पहलवान पिछले दो हफ्तों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ये सभी भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को बर्खास्त करने और महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
अब तक की प्रमुख बातें:
1. विरोध कर रहे पहलवानों को उम्मीद है कि खाप महापंचायत का समर्थन उनके लिए बड़ी सफलता साबित होगी। इसके अलावा बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ उनकी लड़ाई में उन्हें और समर्थन मिलेगी।
2. राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) और भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू-टिकैत) ने भी आंदोलन को समर्थन दिया है। अगर बृजभूषण सिंह को एक सप्ताह के भीतर गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो खाप नेताओं के साथ नई दिल्ली का घेराव करने की धमकी दी है।
3. बीकेयू नेता राकेश टिकैत के भी जंतर-मंतर पर मौजूद रहने की संभावना है। उन्होंने एक वीडियो ट्वीट करते हुए घोषणा की है कि खाप नेता विरोध स्थल पर पंचायत करेंगे और विरोध का रास्ता तय करेंगे।
4. विरोध-प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षाबलों की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी। जंतर-मंतर के पास के इलाकों में बैरिकेडिंग की जाएगी। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने कहा है कि कैंडललाइट मार्च के लिए कोई विशेष सुरक्षा योजना नहीं है, लेकिन ट्रैक्टर और धीमी गति से चलने वाले वाहनों को सीमा में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सावधानी बरती जाएगी।
5. फोगट ने समर्थकों से रविवार को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस से उनके समर्थकों को नहीं रोकने का भी अनुरोध किया है।





