आज राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आएंगे रायबरेली

लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद आज यानी 11 जून को पहली बार रायबरेली सांसद राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ यहां आएंगे। वह यहां पर पहुंचकर ‘धन्यवाद समारोह’ में शामिल होंगे और जीत के लिए जनता का आभार व्यक्त करेंगे। इस ‘धन्यवाद समारोह’ के स्थान में बदलाव किया गया है। अब यह कार्यक्रम अमेठी के तिलोई विधानसभा क्षेत्र के हिमाचल का पुरवा की जगह रायबरेली के भुएमऊ गेस्ट हाउस में होगा।

भुएमऊ गेस्ट हाउस में होगा समारोह
‘धन्यवाद समारोह’ आज रायबरेली के भुएमऊ गेस्ट हाउस में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा और अमेठी से नवनिर्वाचित सांसद किशोरी लाल शर्मा भी मौजूद रहेंगे। वह शाम 4:30 बजे फुरसतगंज हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। शाम 5:00 बजे से 6:00 बजे तक भुयेमऊ गेस्ट हाउस में कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और जनता को धन्यवाद देंगे। इसके बाद 6:30 भुएमऊ गेस्ट हाउस से फुरसतगंज पहुंचेंगे और दिल्ली के लिए रवाना हो जाएगे।

जनता को देंगे संदेश
बता दें कि अमेठी और रायबरेली में जीत हासिल करने के बाद एक बार फिर गांधी परिवार का लगाव स्थानीय जनता के प्रति बढ़ा है। यही वजह है कि गांधी परिवार दोनों जिलों से ऐतिहासिक जीत के लिए जनता के साथ कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करने के लिए 11 जून को आ रहा है। कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए कांग्रेस यह संदेश देना चाहती है कि अगली बार देशभर में कांग्रेस की बयार बहेगी।

कांग्रेस ने भाजपा से छीन ली है अमेठी सीट
हाल ही में सम्पन्न लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने रायबरेली की सीट बरकरार रखी, वहीं अमेठी सीट भाजपा से छीन ली है। लम्बे समय तक पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रतिनिधित्व वाली रायबरेली सीट पर इस बार राहुल गांधी ने चुनाव लड़ा और तीन लाख 90 हजार से ज्यादा मतों से जीत हासिल की। दूसरी ओर, अमेठी में नेहरू गांधी परिवार के करीबी किशोरी लाल शर्मा ने केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को एक लाख 67 हजार से अधिक मतों से पराजित करके यह सीट एक बार फिर कांग्रेस की झोली में डाल दी। इस बार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 17 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से छह पर जीत हासिल हुई जबकि बाकी 11 स्थानों पर उसके पार्टी प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे। 

Back to top button