आज फतेहाबाद में होगा प्रियंका गांधी का रोड शो

कांग्रेस पार्टी भी लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार करने में जुटी हुई है। इसी के मद्देनजर आज यानी शुक्रवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) आगरा दौरे पर रहेंगी। यहां पर वह फतेहाबाद में फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से कांग्रेस-सपा गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो करेंगी। उनके रोड शो को लेकर सभी तैयारियां कर ली गई है। उनकी सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए है। प्रियंका के रोड शो के दौरान चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी।
दोपहर 3:40 से 4:40 बजे तक होगा रोड शो
बता दें कि आगरा मंडल में प्रियंका गांधी का यह पहला रोड शो होगा। आज दोपहर 3:40 से 4:40 बजे तक उनका रोड शो होगा। वह अहमदाबाद से विशेष वायुयान से आगरा आएंगी। खेरिया एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर से फतेहाबाद स्थित कंस मेला मैदान में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचेंगी। प्रियंका गांधी बाह तिराहा फतेहाबाद से गांधी चौराहा, आंबेडकर चौक होते हुए बस स्टैंड तक रोड शो करेंगी। इस रोड शो के दौरान वह गाड़ी से नहीं उतरेंगी। गाड़ी से ही प्रियंका जनता को संबोधित करेंगी और कांग्रेस-सपा गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में वोट की अपील करेंगी।
रोड शो को सफल बनाने के लिए जुटे कांग्रेस के पदाधिकारी
इस रोड शो को सफल बनाने के लिए कांग्रेस के पदाधिकारी पहले से ही तैयारियों में जुटे हुए है। उन्होंने गुरुवार से ही आगरा में डेरा डाला हुआ है। राष्ट्रीय सचिव धीरज गुज्जर, तौकीर आलम, प्रदीप नरवाल गुरुवार को आगरा पहुंचे। रोड शो के मद्देनजर गुरुवार को रूट का निरीक्षण भी किया गया। उनकी सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए।प्रियंका गांधी का रोड शो एक घंटे तक होगा। इस दौरान वह जनता से संवाद करेंगी।





