जम्मू सहित पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा व शीतलहर जारी

जम्मू कश्मीर सहित पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा व शीतलहर जारी है। न्यनतूम के साथ अधिकतम तापमान भी लगातार गिरता जा रहा है। आलम यह है कि जम्मू में वीरवार का दिन श्रीनगर से भी अधिक ठंडा बीता। श्रीनगर का जहां अधिकतम तापमान 11.0 डिग्री रहा, वहीं जम्मू में 8.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 9.1 डिग्री नीचे है। यही नहीं, जम्मू और पहलगाम (8.6) का दिन का तापमान लगभग एक जैसा रहा। जम्मू में मौजूदा सर्दियों का यह सबसे कम अधिकतम तापमान भी है।

वहीं, श्रीनगर में -6.4 डिग्री न्यूनतम तापमान के बीच लोगों ने मौजूदा सर्दियों की सबसे ठंडी रात गुजारी। वहीं देश की राजधानी दिल्ली भी न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस के साथ डलहौजी (4.9) व शिमला (3.7) से भी ठंडी रही। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी पारा लगातार गिर रहा है।

8 से 10 जनवरी के बीच जम्मू कश्मीर में होगी बर्फबारी

मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर में शुष्क मौसम के बीच सुबह-शाम घने कोहरे के साथ तापमान में और ज्यादा गिरावट आने की संभावना जताई है। इसके साथ आठ से 10 जनवरी के बीच जम्मू कश्मीर में फिर से ताजा बर्फबारी होने की पूरी उम्मीद है।

कश्मीर में श्रीनगर समेत अधिकांश इलाकों में दिनभर धूप रही, जबकि न्यूनतम तापमान -6.4 डिग्री रहा। श्रीनगर में पिछले पांच वर्षों में जनवरी में दूसरी बार यह सबसे कम तापमान था। इससे पहले 31 जनवरी 2021 को न्यूनतम पारा -8.8 डिग्री रहा था। वहीं पिछले वर्ष श्रीनगर में 25 दिंसबर को न्यूनतम पारा -5.8 डिग्री रहा था। पहलगाम न्यूनतम पारा -9.2 डिग्री के साथ कश्मीर का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। वहीं जम्मू में घना कोहरा पड़ रहा है। कई दिनों से सूर्व देव के दर्शन तक नहीं हुए.

मौसम के रंग

श्रीनगर में अधिकतम तापमान 11.0 डिग्री व जम्मू में 8.9 डिग्री रहा l

जम्मू और पहलगाम का दिन का पारा एक जैसा, श्रीनगर में न्यूनतम -6.4 l

आज भी कोहरे के साथ गिरेगा पारा, 8 से 10 जनवारी के बीच होगी बर्फबारी

उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं से गिर रहा अधिकतम पारा

मौसम वैज्ञानिक महेंद्र सिंह ने उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं व कोहरे के कारण धूप न निकलने को दिन के तापमान में गिरावट का कारण बताया। 25-26 दिसंबर को पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं अब मैदानी क्षेत्रों में बह रही हैं। ‘ठंडा दिन’ तब माना जाता है जब अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे हो। अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री या उससे अधिक कम होने पर उसे ‘बेहद ठंडा दिन’ माना जाता है।

Back to top button