बेहद रहस्यमी है ये जगह, हथौड़ा मारने पर चट्टानों से आती है घंटे जैसी आवाज!

अमेरिकी राज्य पेंसिल्वेनिया के अपर ब्लैक एडी (Upper Black Eddy) गांव में एक बेहद ही रहस्यमयी जगह है, जिसका नाम रिंगिंग रॉक्स पार्क है, क्योंकि यहां के पत्थरों पर हथौड़ा जैसी कोई भी चीज मारने पर अनोखी ध्वनि निकलती है. ये साउंड किसी म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट या लोहे के घंटे जैसी ध्वनि लग सकती हैं, जिसे सुनकर आपको अपने कानों पर यकीन नहीं होगा. कहा जाता है कि हर पत्थर से अलग ही ध्वनि आती है. आखिर इन पत्थरों से आवाज क्यों आती हैं. यह सवाल विज्ञान के लिए आज भी एक रहस्य है. अब इन्हीं पत्थरों से जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा है.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर ये वीडियो @photosteiney नाम के यूजर ने शेयर किया है, जिसमें आप देख सकते हैं कि इन पत्थरों से कैसी आवाज आती है. आज रिंगिंग रॉक्स पार्क के नाम से जाना जाने वाला यह चट्टानी क्षेत्र 7 एकड़ जंगली क्षेत्र में फैला हुआ है और पत्थरों से भरा हुआ 10 फीट से अधिक गहरा है.

बजने वाली चट्टानों को क्या कहते हैं?
geologyin.com की रिपोर्ट के अनुसार, इस तरह की चट्टानों को सोनोरस चट्टानों (Sonorous Rocks) या लिथोफोनिक चट्टानों (Lithophonic Rocks) कहा जाता है, क्योंकि इन चट्टानों पर चोट करने पर घंटी जैसी ध्वनि गूंजती है.

रिंगिंग रॉक्स पार्क में इन पत्थरों से निकलने वाली अद्भुत ध्वनि को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां आते हैं. कुछ लोग चट्टानों को आजमाने के लिए अपने साथ हथौड़ा भी लेकर आते हैं, ताकि चट्टानों को बजाकर वे उनमें से निकलने वाली ध्वनि को सुन सकें. जब वे इन पत्थरों पर हथौड़े से प्रहार करते हैं, तो उनमें से निकलने वाली आवाज को सुनकर चौंक जाते हैं.

रिंगिंग रॉक पार्क में क्यों बजती हैं चट्टानें?
रिंगिंग रॉक्स पार्क में चट्टानों के बजने के पीछे की सटीक वजह अभी भी विज्ञान के लिए एक रहस्य है. हालांकि कुछ का कहना है कि इन चट्टानों में से ध्वनि उनकी विशिष्ट संरचना की वजह से आती है. वहीं, pabook.libraries.psu.edu की रिपोर्ट के मुताबिक, लेखिका मार्सिया बोंटा का दावा है कि वैज्ञानिक इस बात पर सहमत हो गए हैं कि ‘यह घटना चट्टानों के भीतर लोहे की उच्च मात्रा के कारण होती है.’

Back to top button