ये है दुनिया का सबसे बड़ा काजू का पेड़, जंगल की तरह आता है नजर!

दुनिया का सबसे बड़ा काजू का पेड़ ब्राजील में है, जो यहां के राज्य रियो ग्रांडे डो नॉर्ट की कैपिटल नेटाल (Natal) के पास एक शहरी समुद्र तट पिरांगी डो नॉर्ट में स्थित है. इसको कैश्यू ऑफ पिरांगी (Cashew of Pirangi) नाम से भी जाना जाता है. यह एक पेड़, आकार में इतना विशाल है कि एक छोटे जंगल की तरह नजर आता है. इसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा दुनिया के सबसे बड़े काजू के पेड़ के रूप में मान्यता दी गई है और यह अभी भी बढ़ रहा है. अब इसी पेड़ का एक वीडियो वायरल हो रहा है. आखिर इस पेड़ के इतने विशाल आकार की क्या वजह है, आइए जानते हैं.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर ये वीडियो @ccplus नाम के यूजर ने शेयर किया है, जिसके कैप्शन में लिखा गया है कि, ‘यह पूरा जंगल जैसा दिखता है, लेकिन वास्तव में यह सिर्फ एक पेड़ है.’ इस वीडियो में पेड़ को लेकर अहम जानकारी भी बताई है.
सालभर में इस पेड़ से कई टन काजू मिलते हैं. साथ ही इस पर एक बहुत पौष्टिक फल लगता है, जो पीला या लाल रंग का हो सकता है, उसमें तीन संतरे से भी अधिक विटामिन सी होता है.
कितने एरिया में फैला हुआ ये पेड़?
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, काजू का ये पेड़ दो एकड़ (8,500 वर्ग मीटर/91,500 वर्ग फुट) एरिया में फैला हुआ है. आकार में यह 70 नियमित काजू पेड़ों के बराबर है. इसे 100 साल से अधिक पुराना माना जाता है. इसे 1888 में लुइस इनासियो डी ओलिवेरा नामक एक स्थानीय मछुआरे द्वारा लगाया गया था.
विशाल आकार की क्या है वजह?
रिपोर्ट में आगे लिखा है कि इस पेड़ के इतने विशाल आकार में बढ़ने की वजह जेनेटिक म्यूटेशन (Genetic Mutation) है, जिसकी वजह से पेड़ की पांच शाखाओं में से चार जब भी जमीन को छूता हैं, तो उसकी जड़ें जम जाती हैं और उससे और शाखाएं निकलने लगती हैं. सबसे पहले, इसकी अधिकांश शाखाएं बगल (sideways) में बढ़ती हैं.





