इस तरीके से घर पर ही बनाएं रेस्टोरेंट स्टाइल मेथी मलाई मटर

सर्दियों में कई तरह की सब्जियां बाजार में मिलने लगती हैं। यह खाने में स्वादिष्ट होने के साथ ही आपकी सेहत के लिए भी फायदेमंद होती है। अगर आप इस विंटर आप भी कुछ स्वादिष्ट पकाना चाहते हैं, तो इस बार घर पर ही रेस्टोरेंट स्टाइल मेथी मलाई मटर बना सकते हैं।
कितने लोगों के लिए : 2
सामग्री :
- 3 कप कटे हुए मेथी के पत्ते
- 1 कप हरी मटर
- 3 प्याज चार टुकड़ों कटे हुए
- 2 हरी मिर्च
- 10 काजू
- 4 लहसुन की कलियां
- 1 इंच अदरक
- 1/2 कप दूध
- 1/2 बड़ा चम्मच धनिया पाउडर
- 1/2 कप ताजा क्रीम
- 1 /4 बड़े चम्मच इलायची पाउडर
- 1/2 बड़ा चम्मच चीनी
- 1 बड़ा चम्मच कसूरी मेथी
- स्वादानुसार नमक
- 3 बड़े चम्मच घी/तेल
सूखे मसाले के लिए
- 2 हरी इलायची
- 3 लौंग
- 1 बड़ा चम्मच जीरा
- 5 साबुत काली मिर्च
- 1/2 इंच दालचीनी
- 1/2 जावित्री
- 1 बड़ी इलायची
विधि :
- सबसे पहले सूखा मसाला बनाने के लिए एक ब्लेंडर में हरी इलायची, लौंग, जीरा, साबुत काली मिर्च, दालचीनी, जावित्री और बड़ी इलायची डालकर पाउडर बना लें और एक तरफ रख दें।
- इसके बाद एक भारी तले वाले पैन में थोड़ा पानी डालें और इसे उबलने दें। एक बार जब यह उबलने लगे तो इसमें प्याज, काजू, हरी मिर्च, लहसुन और अदरक डालें।
- जब यह सब उबल जाए, तो पानी निकाल दें और उबले हुए प्याज, काजू, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन की कलियों का पीसकर पेस्ट बनाकर इसे एक तरफ रख दें।
- अब डिश का रंग बढ़ाने के लिए मेथी के पत्तों को ब्लांच कर लें। एक पैन में गर्म पानी में मेथी की पत्तियां डालें। एक मिनट बाद इसे लगभग 2 मिनट के लिए ठंडे पानी में डाल दें।
- फिर पानी निकाल दें और मेथी में जो भी पानी बचा है, उसे निचोड़कर अलग रख दें।
- अब एक कड़ाही या भारी तले वाले पैन में घी गर्म करें। फिर इसमें तैयार गीला पेस्ट डालकर तब तक पकाएं जब तक कि मसाला तेल न छोड़ने लगे।
- अब हरी मटर और दूध डालकर एक मिनट और पकने दें।
- फिर सूखा मसाला पाउडर जो हमने पहले बनाया था और धनिया पाउडर डालें। इसे अच्छी तरह से मिलाएं और मध्यम आंच पर 3 से 4 मिनट तक पकाएं।
- अब इसमें ब्लांच की हुई मेथी, नमक, चीनी डालें, अच्छी तरह मिलाएं और 2 मिनट तक पकाएं।
- अगर आपको करी बहुत गाढ़ी लग रह है, तो आप इसे अपने अनुसार करने के लिए दूध डाल सकते हैं।
- फिर इलायची पाउडर, कसूरी मेथी और क्रीम डालकर अच्छी तरह मिलाए और 2 से 3 मिनट तक और पकाए।
- मेथी मलाई मटर तैयार है। गर्मागर्म परोसें।





