अयोध्या जाने से पहले जान लीजिए मौसम का मिजाज़, इस दिन हो सकती है बारिशं

फरवरी माह में तीसरी बार मौसम फिर से करवट लेगा। मंगलवार से गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। हालांकि, ठंड में विशेष बढ़ोतरी नहीं होगी। दिन के तापमान में एक-दो डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है।

रविवार को पूरे दिन धूप निकली रही। इसी कारण दिन का तापमान भी सामान्य से अधिक रहा। दिन में बच्चे पार्कों में खेलते दिखे। बुजुर्गवार भी दिन में घरों के बरामदे में धूप का आनंद लेते दिखे। वहीं एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका प्रभाव मंगलवार से दिखेगा। यह पश्चिमी विक्षोभ काफी ताकतवर है।

मंगलवार से तेज गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है। इससे पहले चार फरवरी व 11-12 फरवरी की रात को मौसम खराब हुआ था। नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मंगलवार व बुधवार को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव दिखेगा। विभागाध्यक्ष प्रो. सीताराम मिश्र के अनुसार बादलों के कारण रात का तापमान बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि गुरुवार दोपहर बाद से आसमान साफ होने लगेगा।

रविवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। इस कारण वातावरण में ठंड ज्यादा प्रभावशाली नहीं रही। न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर साढ़े सात डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम आर्द्रता 87 व न्यूनतम 51 प्रतिशत रही।

Back to top button