इन पेड़-पौधों में कलावा बांधने से होते हैं कई लाभ, मिलने लगते हैं अच्छे परिणाम

हिंदू धर्म में ऐसे कई पेड़-पौधों का वर्णन मिलता है, जो पूजनीय बताए गए हैं। इन पेड़-पौधों की पूजा में कलावा भी मुख्य रूप से बांधा जाता है। ऐसे में आज हम आपको कुछ ऐसे पेड़-पौधों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन पर कलावा बांधना बहुत ही शुभ माना जाता है। ऐसा करने से व्यक्ति की कई समस्याओं का निदान होने लगता है। चलिए जानते हैं इस विषय में।
करियर की समस्या होगी दूर
मान्यताओं के अनुसार, पीपल के पेड़ में देवी-देवताओं के साथ-साथ पितृ का भी वास होता है। ऐसे में यदि आप पीपल के पेड़ पर कलावा बांधते हैं, तो इससे देवी-देवताओं की भी कृपा आपके ऊपर बनी रहती है। साथ ही इससे व्यक्ति की करियर संबंधी समस्या का निदान हो सकता है।
धन की समस्या से मिलेगी मुक्ति
तुलसी को हिंदू धर्म में सबसे पवित्र पेड़-पौधों में से एक माना जाता है। साथ ही तुलसी में मां लक्ष्मी का भी वास माना गया है। ऐसे में यदि आप तुलसी में कलावा बांधते हैं, तो इससे जीवन में आ रही धन संबंधी परेशानी से आपको मुक्ति मिल सकती है।
ग्रहों के बुरे प्रभाव से मिलेगी मुक्ति
शमी के पेड़ का संबंध शनि से माना गया है। ऐसे में यदि आप शमी के पेड़ पर कलावा बांधते हैं, तो इससे शनि के बुरे प्रभाव कम हो सकते हैं। इसके साथ ही शमी के पेड़ में कलावा बांधने से राहु-केतु का भी बुरा प्रभाव कम होता है, जिससे हर क्षेत्र में सफलता के योग बनते हैं।
इन पेड़ों पर बांधे कलावा
यदि आपके जीवन में लगातार समस्याएं बनी हुई है, तो इसके लिए बरगद के पेड़ में कलावा जरूर बांधना चाहिए। ऐसा करने से आपको शुभ परिणामों की प्राप्ति हो सकती है। इसके साथ ही केले के वृक्ष में भी कलावा बांधना शुभ माना जाता है। इससे जगत के पालनहार भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है और जीवन में सुख-समृद्धि का वास होता है।