ऐसा कोई सगा नहीं जिसको अखिलेश यादव ने ठगा नहीं : अमर सिंह
जौनपुर पहुंचे राज्य सभा सांसद अमर सिंह ने बुधवार को समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर कटाक्ष किये. टीडी कालेज में आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुचे अमर सिंह ने कहा कि अपना हो या पराया अखिलेश सभी को डंक मारने का काम करते हैं.
उन्होंने कहा, “मैंने अखिलेश का एडमिशन कराया. मैंने टिकट दिलाया और अखिलेश ने मुझे ही पराया बोल दिया. अपना हो या पराया सबको डंक मारने का काम करते हैं अखिलेश.”
शिवपाल का नाम लिए बिना अमर सिंह ने आगे कहा, ” ऐसा कोई सगा नहीं जिसे अखिलेश ने ठगा नहीं.” अमर सिंह ने सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव को खलनायक बताते हुए कहा, जब तक सपा में वे रहेंगे विघटन होता रहेगा.
इस दौरान राज्यसभा सांसद ने आजम खान पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि आजम खान सपा में अमर्यादित बयान देने वाले मुस्लिम नेता का चेहरा हैं. उन्होंने कहा, “मैं रामपुर गया पर आजम खान सामने नहीं आए. पता नहीं क्या हुआ. आजम खान के खिलाफ लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक समाज को आजम जैसे कुकुरमुत्ते सम्मान नहीं दे देते.”





