कर्नाटक चुनाव परिणाम : फिर चली मोदी की लहर, फीके पड़े राहुल गांधी

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है। ताजा रुझानों में बीजेपी बहुमत हासिल करती दिख रही है। सुबह 11 बजे तक आये रुझानों में बीजेपी 114 सीटों पर आगे है, वहीं कांग्रेस 66 सीटों पर ही बढ़त बना पाई है।  जेडीएस भी 40 सीटों पर आगे है। 

कर्नाटक चुनाव परिणाम : फिर चली मोदी की लहर, फीके पड़े राहुल गांधी
 

हालांकि कांग्रेस नेता बीच-बीच में अपने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन शुरूआती रूझानों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा दिया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कुछ समय में शुरुआती रूझान पलटेंगे और उनकी सरकार बनेगी, हालांकि ऐसा होना मुश्किल नजर आ रहा है। कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत ने कहा है ‘हमे उम्मीद है कि हमारी जीत होगी लेकिन पार्टी ने सारे विकल्प खुले रखे हैं।’ 

मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए हैं। बंगलूरू में 11000 पुलिसकर्मी, रैपिड एक्शन फोर्स की एक टुकड़ी और कर्नाटक स्टेट रिजर्व पुलिस (KSRP) की 20 टुकड़ियां तैनात की गई हैं।

11.50 AM: रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा “आज बीजेपी के लिए ऐतिहासिक दिन है। पीएम ने ‘सबका साथ-सबका विकास’ के जरिए गरीबों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया है। उन्होंने कांग्रेस की तरह बांटने की राजनीति पर काम नहीं किया है।’ 

11.40 AM: बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहनवाज हुसैन ने पीएम मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह जश्न मनाने का समय है। 

11.29 AM: बीजेपी 111 सीटों पर आगे चल रही है, कांग्रेस ने 69 सीटों पर ही बढ़त हासिल कर पाई है, वहीं जेडीएस 39 सीटों पर आगे चल रही है। 

11.28 AM: पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कर्नाटक चुनाव के विजेताओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगर जेडीएस के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ती तो नतीजे अलग होते। 

11:17 AM: मेंगलुरु साउथ से वेदव्यास कामथ, चिक्कमागल्लूर से सी.टी. रवि और श्रीनगेरी से डी. जीवाराज जीते हैं। 

11.16 AM: कांग्रेस महासचिव मोहन प्रकाश ने कर्नाटक में हार के बाद ईवीएम पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि चुनाव बैलट पर होने चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक पार्टियों ने ईवीएम पर सवाल उठाए हैं। बीजेपी भी इसपर सवाल उठा चुकी है। बीजेपी को बैलट से चुनाव करवाने में क्या दिक्कत है? 

11.14 AM: जेडीएस नेता जीटी देवगौड़ा ने कहा कि लोगों ने सिद्धारमैया को खारिज किया है। वो अपने रवैये के कारण हारे हैं। 

11.11 AM: बीजेपी ऑफिस के बाहर कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। 

11:08 AM: बीजेपी के बहुमत की ओर बढ़ने से शेयर बाजार में तेजी से उछाल आ रहा है। सुबह साढ़े 10 बजे तक सेंसेक्स 375 अंक की मजबूती के साथ 35,931 के स्तर पर है. वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 110 अंक उछलकर 10,911 के स्तर पर पहुंच गया है।  

11.01 AM: बीजेपी बहुमत से जीत की ओर आगे बढ़ रही है। फिलहाल चार सीटों पर बीजेपी उम्मीदवारों ने जीत हासिल कर ली है। सीएम उम्मीदवार येदियुरप्पा के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। 

10.50 AM: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि यह बीजेपी के लिए ऐतिहासिक जीत है। अब देश में कांग्रेस खोजो अभियान चलेगा।

10.47 AM: मेंगलुरु नॉर्थ से बीजेपी कैंडिडेट भरत शेट्टी की जीत हुई है।  बीजेपी कर्नाटक के टि्वटर हैंडल से भरत को बधाई दी गई है। 

10.30 AM:  बीजेपी शाम को पार्लियामेंट्री पार्टी की मीटिंग करेगी। अगर बीजेपी जीतती है तो यहां शाम को जश्न मनाया जा सकता है। 

10.15 AM: अमित मालवीय ने कहा कि हमें पहले से विश्वास था कि कर्नाटक में बीजेपी की सरकार आएगी। बीएस येदियुरप्पा हमारे सीएम होंगे।  

10.11 AM: सिद्धारमैया चामुंडेश्वरी सीट पर 12 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं वहीं बादामी सीट पर वह 160 वोटों से आगे चल रहे हैं।

10.13 AM: शुरुआती रुझानों को देखते हुए बीजेपी कार्यकर्ता जोश में नजर आ रहे हैं, बंगलूरू में बीजेपी मुख्यालय के बाहर बीजेपी कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। 

10.12 AM: बीजेपी ने 115 सीटों पर बढ़त बना ली है, कांग्रेस बहुत पीछे चल रही है, शुरुआती रुझानों में कांग्रेस केवल 59 सीटों पर आगे चल रही है। जेडीएस 45 सीटों पर आगे है। 

10:08 AM: बीजेपी ने 111 सीटों पर बढ़त बना ली है, जबकि कांग्रेस फिलहाल 61 सीटों पर है। जेडीएस 46 सीटों पर है।

10:05 AM: बीजेपी नेता सदानंद गौड़ा ने कहा कि जेडीएस के साथ गठबंधन का कोई सवाल ही नहीं है, हम 112 का आंकड़ा वैसे ही पार कर रहे हैं।  

10:01 AM: बीजेपी नेता नरेंद्र तनेजा ने कहा कि “हमें यकीन है कि हम सरकार बनाएंगे, 60 मिनट रुकिए, हम देवगौड़ा का सम्मान करते हैं लेकिन राहुल गांधी ने उनका अपमान किया था।’ 

9.55 AM: कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि “गुलाम नबी आजाद और गहलोत ने मुझे बुलाया था, मैं उनसे मिलने जा रहा हूं. ये शुरुआती रुझान हैं। 11.30 बजे के करीब फाइनल नतीजे आएंगे।”  

9:52 AM: मौजूदा रुझानों में बीजेपी ने 100 का आंकड़ा पार कर लिया है। बीजेपी फिलहाल 107 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है जबकि कांग्रेस 61 सीटों पर है, जेडीएस 46 सीटों पर बनी हुई है। 

9:37 AM: बीजेपी महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जो रुझान आ रहे हैं उनमें कांग्रेस और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर है। लेकिन हकीकत यही है कि सरकार तो हम ही बनाएंगे। उन्होंने कहा कि वो सरकार जिसमें दस फीसदी कमीशन की बात चलती हो उसपर जनता क्या भरोसा जताएगी।  

9.31 AM: बीएस येदियुरप्पा शिकारीपुरा सीट से 3420 वोटों से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस नेता जीबी मलातेश फिलहाल पिछड़ते दिख रहे हैं। 

9.25 AM: बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि बीजेपी की सरकार बनेगी और नतीजे बीजेपी के पक्ष में ही आएंगे। बीजेपी की 130 सीट आएंगी।  

9.19 AM: कांग्रेस नेता अशोक गहलोत कहा कि ये शुरुआती रुझान हैं। आशा है कि कर्नाटक में कांग्रेस ही सरकार बनाएगी लेकिन सभी विकल्प खुले हुए हैं। 

9.16 AM: जेडीएस ने कहा कि 40 से ज्यादा सीटें मिली तो कुमारस्वामी को मुख्यमंत्री बनाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी को भी समर्थन नहीं देंगे बल्कि हम समर्थन मांगेंगे। 

9.13 AM: कांग्रेस नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि नतीजों से घबराने की जरूरत नहीं है। हमें पूरा भरोसा है कि हम शुरुआती रुझानों को पलट देंगे। 

9.02 AM: जेडीएस नेता दानिश अली ने कहा कि जब तक परिणाम आएंगे, तब तक जेडीएस बड़ी भूमिका में होगी। ओपिनियन पोल पहले भी गलत साबित हुए हैं। उन्होंने सिद्धारमैया पर निशाना साधते हुए कहा कि जो एक दलित उपमुख्यमंत्री नहीं बना पाया है वो आज दलित सीएम की बात कर रहा है।  

8.58 AM:  बादामी और चामुंडेश्वरी दोनों ही सीटों पर सीएम सिद्धारमैया पिछड़ते दिख रहे हैं। बादामी में बीजेपी उम्मीदवार श्रीरामुलु, जबकि चामुंडेश्वरी सीट पर JDS नेता जीटी देवगौड़ा आगे चल रहे हैं। 

8.55 AM: कांग्रेस नेता जयवीर शेरगिल ने कहा कि रुझान जो भी हों, दोपहर तक साफ हो जाएगा कि कांग्रेस की सरकार बनेगी। कांग्रेस को 100 फीसदी बहुमत मिलेगा, हाथ का पंजा शान से छाएगा।

8.50 AM: कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद और अशोक गहलोत मतगणना से पहले ही बंगलूरू पहुंच चुके हैं। 

8.46 AM: येदियुरप्पा के बेटे विजयेंद्र ने कहा कि उन्हें पूर्ण बहुमत मिलेगा। “जेडीएस की जरूरत का सवाल ही नहीं उठता, पूजा तो रोज होती है, आज भी हो रही है.”

8.43 AM: सीएम सिद्धारमैया बादामी सीट से आगे चल रहे हैं। 

8.40 AM: वोटों की गिनती से पहले सीएम सिद्धारमैया के बेटे यतीन्द्र सिद्धारमैया ने कहा कि शाम तक चुनाव के नतीजे पता चल जाएंगे, कांग्रेस राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनेगी। उन्होंने कहा कि वह साइलेंट पूजा में यकीन नहीं करते हैं, अगर त्रिशंकू विधानसभा बनी तो इस पर विचार किया जाएगा। 

8.34 AM: कांग्रेस और बीजेपी में कांटे की टक्कर है, कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही पार्टियां 29 सीटों पर आगे हैं वहीं जेडीएस 14 सीटों पर आगे है। 

8.31 AM: कांग्रेस प्रवक्ता मोहम्मद खान ने कहा कि शुरुआती रुझान उत्साहजनक हैं, कुछ ही घंटे में तस्वीर साफ हो जाएगी। हमें किसी से खतरा नहीं है। 

8.27 AM: कांग्रेस को 17 सीटों पर बढ़त मिली है वहीं बीजेपी 16 सीटों पर आगे चल रही है। जेडीएस ने भी 13 सीटों पर बढ़त बनाई है। 

8.25 AM: बीजेपी नेता मनोज तिवारी ने कहा कि कुछ देर में साफ हो जाएगा कि कौन सीएम बनेगा। कांग्रेस की बेचैनी बता रही है कि उनके हाथ से सत्ता जा रही है। कांग्रेस परेशान है, इसलिए उन्हें लिंगायत और दलित याद आ रहे हैं। 

8.19 AM: शुरुआती रूझानों में बीजेपी बढ़त बनाए हुई है। ताजा रुझान में BJP 14, कांग्रेस 12 और JDS गठबंधन 7 सीटों पर आगे चल रही है। 

8.05 AM: कर्नाटक विधानसभा चुनावों के लिए मतगणना शुरू हो गई है। पोस्टल मतपत्रों को पहले गिना जाएगा।

7.56 AM: 8 मिनट बाद वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी।

7.45 AM:  वोटों की गिनती के मद्देनजर 11,000 पुलिस अधिकारियों, 1 रैपिड एक्शन फोर्स कंपनी और 20 कर्नाटक राज्य रिजर्व पुलिस को बंगलूरू में तैनात किया गया है।

7.43 AM:  बेल्लारी में वोटों की गिनती शुरू होने से पहले भाजपा उम्मीदवार बी श्रीमालू ने प्रार्थना की। वह कांग्रेस के मुख्यमंत्री उम्मीदवार और वर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के खिलाफ बदामी से चुनाव लड़ रहे हैं।

7.40 AM:  राज्य के 38 मतदान गणना केंद्रो पर 50,000 पुलिस बल तैनात किए गए हैं। 

 
Back to top button