प्लेन में महिला का हुआ पेट खराब, बार-बार जाने लगी टॉयलेट!

यात्रा के दौरान इंसान अगर स्वस्थ रहता है तो घूमने का आनंद बढ़ जाता है. वहीं अगर तबीयत बिगड़ जाए, तो यात्रा के साथ इंसान का मूड भी खराब हो जाता है. ऐसा ही एक चीनी महिला के साथ भी हुआ, जिसका ट्रिप के दौरान पेट खराब हो गया. इस चक्कर में जब वो अपने देश लौट रही थी, तो उसे विमान में बार-बार टॉयलेट जाना पड़ रहा था. इस बात से फ्लाइट (Woman kicked off flight) के कर्मी इतने गुस्सा गए कि उन्होंने उसे प्लेन से धक्के मारकर बाहर निकाल दिया. गनीमत ये थी कि उस वक्त प्लेन ने उड़ना भी नहीं शुरू किया था.
डेली स्टार न्यूज वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार चीन की जोआना चियू (Joanna Chiu) ने हाल ही में अपने ट्विटर अकाउंट पर कई ट्वीट कर हैरान करने वाली घटना के बारे में बताया जो उनके साथ एक फ्लाइट के दौरान घटी. जोआना मेक्सिको छुट्टियां मनाने गई थीं. उनके ट्विटर अकाउंट के अनुसार वो कनाडा के वैंकूवर में रहती हैं. वो छुट्टियां मनाकर लौट रही थीं. वो वेस्ट जेट कंपनी की फ्लाइट पकड़ चुकी थीं. पर उनका पेट खराब था. फ्लाइट में बैठने के कुछ ही वक्त बाद वो बाथरूम चली गईं. फ्लाइट ने टेक-ऑफ भी नहीं किया था और वो कई बार टॉयलेट चली गईं. ये देखकर फ्लाइट अटेंडेंट ने उन्हें कहा कि वो बीमार हैं और उन्हें फ्लाइट से तुरंत उतर जाना चाहिए क्योंकि वो यात्रा करने लायक फिलहाल नहीं हैं.
कर्मियों ने की बदतमीजी
उन्हें ना ही होटल बुक करने या दूसरी फ्लाइट में बुकिंग का भरोसा दिया गया. उनके पास दवाएं भी थीं, पर उन्हें यात्रा नहीं करने दिया गया. दूसरे ट्वीट में उन्होंने बताया कि उतरने की हड़बड़ी में उन्होंने अपने पैसे अपने सहयात्रियों के पास ही छोड़ दिए थे. वेस्ट जेट के सुपरवाइजर ने उन्हें 20 मिनट दूर एक होटल तक जाने के लिए टैक्सी के पैसे देने से भी इनकार कर दिया. सुपरवाइजर ने उन्हें वहां से हटाने के लिए गार्ड को भी बुला लिया मगर तब तक वो रोने लगीं. फिर एक तीसरे ट्वीट में उन्होंने बताया कि वो बैगेज काउंट पर थीं और अपना सामान ले रही थीं, तब एक कर्मी से उनकी बहस हो गई और वो उसका वीडियो बनाने लगीं. कर्मी ने उन्हें धमकी दी कि अगर वो वीडियो नहीं डिलीट करेंगी, तो उन्हें अगले दिन की फ्लाइट नहीं मिलेगी.
मुश्किल से घर पहुंचीं जोआना
एक अलग ट्वीट में उन्होंने बताया कि जब इस पूरी घटना के बारे में उन्होंने ट्विटर पर जानकारी दी, तब जाकर फ्लाइट कर्मियों ने उनसे सहयोग किया और उन्हें फ्लाइट के टिकट और बुकिंग रेफरेंस नंबर मिल पाया. आखिरी ट्वीट में उन्होंने बताया कि वो सुरक्षित अपने घर पहुंच गई हैं. हालांकि, उनके इस ट्वीट पर कई लोगों ने फ्लाइट कंपनी को ट्रोल किया और उनका पक्ष लिया. हालांकि, कुछ एयर होस्टेसेज़ ने दावा किया कि उन्हें उतारकर फ्लाइट कर्मियों ने सही निर्णय लिया, क्योंकि यही प्रोटोकॉल हैं, हालांकि, उन्हें उतारने का जो तरीका था, वो गलत रहा होगा.





