महिला ने खोला ओवन, खाने की जगह iPad डालकर कर दिया बेक!

अक्सर लोग किसी एक काम में इतना उलझ जाते हैं, कि दूसरे काम को करने में उनसे गलती हो जाती है. गलतियां अगर छोटी-मोटी हों तो समस्या नहीं होती, पर बड़ी और जानलेवा समस्याएं परेशानी का सबब बन सकती हैं. एक महिला अपने घर में खाना बना रही थी. उससे भी एक गलती हो गई, पर वो इतनी बड़ी थी कि उसकी जान जा सकती थी. इस महिला ने ओवन में खाने की जगह, अपना iPad बेक कर दिया. ये सुनकर सोशल मीडिया पर लोगों ने उसे ट्रोल करते हुए तंज कसा, अगर उसने Apple कंपनी के iPad को ओवन (Woman bake iPad in oven) में डाल दिया, तो क्या वो ‘एप्पल’ पाई बनाना चाह रही थी!
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर कई ग्रुप्स हैं, जिसपर लोग अपना नाम बदलकर अपनी लाइफ से जुड़ी रोचक बातें सभी को बताते हैं. r/mildlyinteresting नाम के एक ग्रुप पर हाल ही में एक यूजर ने ऐसा ही किया. @mrcalmcarrot नाम के यूजर ने हाल ही में आपनी मां से जुड़ा एक पोस्ट किया. उसने बताया कि उसकी मां ने गलती से अपने iPad को ओवन में डालकर बेक कर दिया.
इस तरह कर दिया आईपैड को बेक
पोस्ट की गई तस्वीर में iPad का बुरा हाल हुआ नजर आ रहा है. उसकी पूरी स्क्रीन डैमेज हो चुकी है, और ऊपर काफी निशान पड़ गए हैं. यूजर ने कमेंट सेक्शन में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म imgur का एक लिंक दिया, और बताया कि उसकी मां से आईपैड के बारे में बात हुई, वो उसने यहां पोस्ट किया है. शख्स ने मां के साथ हुए चैट को पोस्ट कर बताया कि आखिर आईपैड की ये हालत कैसे हुई. मां ने लिखा- “ये जानबूझकर की गई हरकत नहीं थी. जब मैं खाना बना रही थी, मैंने गलती से ओवन के अंदर रखने वाला ब्रॉइलिंग पैन, अपने आईपैड के ऊपर रख दिया, जो पास में ही रखा हुआ था. जब मैंने पैन को उठाया, तो आईपैड भी उसके साथ ही चिपक गया और ओवन के अंदर चला गया.” ये काफी खतरनाक स्थिति थी, क्योंकि आईपैड की बैटरी गर्म होने से फट भी सकती थी, जिसकी वजह से ओवन में ब्लास्ट होता और बड़ा हादसा हो जाता. हालांकि, ऐसा कुछ नहीं हुआ.
लोगों ने महिला पर कसा तंज!
महिला ने आगे मैसेज में लिखा है कि एप्पल के सर्विस एजेंट्स ने बताया है कि उन्हें नया आईपैड मिल जाएगा क्योंकि उनका आईपैड वॉरेंटी में था. इस पोस्ट को पढ़कर बहुत से लोगों ने कमेंट किया है और महिला की इस हरकत पर टिप्पणी की है. एक ने कहा- लगता है महिला को एप्पल पाई बनाना था. एक ने कहा कि लगता है महिला को भूलने की बीमारी है. इस बात को क्लियर करते हुए यूजर ने लिखा कि उसकी मां की उम्र भले ही ज्यादा है, पर उसे भूलने की बीमारी नहीं है.





