महिला ने मंगाई थी ड्रेस, कोरियर में निकला कुछ ऐसा, खोलकर देखते ही कांपी!

आजकल लोगों के लिए सामान खरीदना बेहद आसान हो गया है क्योंकि हमारे हाथ में छोटे से गैजेट यानि मोबाइल के ज़रिये सारा काम हो जाता है. कहां छोटी-छोटी चीज़ों के लिए बाज़ार भागना पड़ता है और कहां अब एक क्लिक पर चीज़ें सामने हाज़िर हो जाती हैं. हालांकि इससे जुड़े हुए अपने रिस्क भी हैं, जो कई बार भारी पड़ जाते हैं. एक ऐसी ही घटना सामने आई है अमेरिका के टेनेसी से.
आजकल सबसे ज्यादा जो सामान ऑनलाइन खरीदा जा रहा है, वो है कपड़े. चूंकि इसमें मार्केट के चक्कर और घंटों शोरूम में ट्रायल से लोग बच जाते हैं, ऐसे में वो ऑनलाइन सामान मंगवाकर अपनी ज़रूरत पूरी करते हैं. एक महिला ने भी ऑनलाइन ड्रेस मंगाई थी लेकिन उसके पास जो पैकेज पहुंचा, वो खोलते ही महिला के होश उड़ गए. वो डर के मारे कांपने लगी और समझ ही नहीं आया कि क्या करे?
कोरियर में निकला कुछ ऐसा, कांप गई महिला
महिला टेनेसी की रहने वाली है और उसका नाम एना इलियट है. उसने फैशन रिटेलर शीन से अपने लिए कुछ कपड़े मंगाए थे. हालांकि उसके पास जो सामान आया, वो कपड़े नहीं थे. एना ने जैसे ही पैकेट खोला, उसके अंदर कपड़ों की जगह खून से भरी हुई शीशियां थी. इतना ही नहीं बींस का एक कैन भी शामिल था. महिला इसे देखकर डर के मारे कांप गई. थोड़ी देर बाद उसने शीशी पर लिखी ब्लड टेस्टिंग कंपनी को फोन किया, तो पता चला कि ये ब्लड सैंपल हैं, जिन्हें मिसहैंडल किया गया था. ये गलती से किसी के घर पहुंच गए, जबकि इन्हें डॉक्टरों के पास जाना था.
क्या कहा फैशन रिटेलर ने?
एना ने पुलिस को इस घटना की जानकारी दी. अब मामले की जांच चल रही है. वहीं फैशनल रिटेलर कंपनी का कहना है कि उन्होंने कस्टमर को जो पैकेज भेजा था, उसमें कपड़े थे. शिपिंग के दौरान पैकेज से छेड़छाड़ की गई है. उनका कहना है कि उन्होंने मामले की जांच की है और पता चला है कि स्टोर से कपड़े ही पैकेज में रखे गए थे. मामले में डिलीवरी कंपनी की ओर से माफी मांगी गई है और आगे की जांच के लिए कदम उठाया जा रहा है





