महिला ने करवाया दीवार पर प्लास्टर, अचानक आने लगी अजीबोगरीब आवाजें…!

हर व्यक्ति चाहता है कि वो अपने घर को रेनोवेट करवाकर उसे खूबसूरत बना ले, जिससे लोग उसके घर की सुंदरता देखकर मंत्रमुग्ध हो जाएं. पर ऐसा तभी हो पाता है जब रेनोवेशन के लिए घर आए मिस्त्री-मजदूर मनमुताबिक काम करें. कई बार उनसे ऐसी चूक हो जाती है, कि पूरा का पूरा मरम्मत का कार्य चूल्हे में चला जाता है. ऐसा ही कुछ अमेरिका की एक महिला (Woman hear noise from wall) के साथ हुआ, जिसने अपने घर की दीवारों पर प्लास्टर करवाया. पर अचानक उसकी दीवार से आवाज आने लगी. आवाज सुनकर उसके होश उड़ गए.

डेली स्टार वेबसाइट के अनुसार अमेरिका के पेंसिलवेनिया (Pennsylvania, USA) की जे (Jay) नाम की महिला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें घर से जुड़ी ऐसी जानकारी दी, जो किसी को भी हैरान कर देगी. दरअसल, महिला ने हाल ही में अपने घर की दीवारों पर नया प्लास्टर करवाया. प्लास्टर काफी अच्छा हुआ था और वो उससे बहुत खुश भी थी. वो अपने ड्रॉइंग रूम में घूम-घूमकर प्लास्टर का जायजा ले रही थी, जब उसने गौर किया कि उसकी एक पालतू बिल्ली नहीं नजर आ रही है.

दीवार में चुनवा दी बिल्ली
उसकी हैरानी तब बढ़ी, जब उसे घर की एक दीवार के अंदर से अजीबोगरीब आवाज आने लगी. वो इतना डर गई कि उसने फटाफट पुलिस को फोन किया और मदद मांगी. पुलिस ने कहा कि वो तुरंत दीवार में गड्ढा (Cat sealed in wall) कर के देखे. महिला ने इस पल को कैमरे में भी रिकॉर्ड किया. उसने दीवार में चाकू से गड्ढा किया, तभी छोटे से छेद से बिल्ली की आवाज आई. छेद इतना बड़ा भी नहीं था कि बिल्ली सिर बाहर निकाल सके. ये सुनकर महिला दंग रह गई. उसने जल्दी-जल्दी दीवार में गड्ढा किया और बिल्ली को बाहर निकाला. बिल्ली काफी डरी हुई लग रही थी.

Back to top button